दर्जन भर से ज्यादा बने व अधबने असलहों समेत दो आरोपित गिरफ्तार
झांसी(हि. स.)। गुरुवार को पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने रक्सा थाना क्षेत्र के जंगल में चल रही अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दिया। इसकी जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए दी। बताया कि मौके से दर्जन भर से ज्यादा बने व अधबने अवैध असलहों समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी राजेश एस. ने खुलासा करते हुए बताया कि ग्राम बाजना के जंगल में असलहे बनाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर परशुराम झा निवासी भमोरी मऊरानीपुर व कैलाश झा निवासी डेली रक्सा को गिरफ्तार किया। मौके से दर्जन भर से ज्यादा बने व अधबने तमंचे बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि अपराधियों के पास से बरामद हो रहे असलहे को लेकर पुलिस टीम को अवैध असलहा फैक्ट्री की धरपकड़ के लिए लगाया गया था। इसी क्रम में रक्सा थानाध्यक्ष अरुण तिवारी व एसओजी प्रभारी केबी सिंह ने मुखबिर की सूचना पर जंगल में छापेमारी की। मौके पर दो लोग असलहे बनाते मिले। जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से 9 तमंचे, पांच नाल समेत अधबने कट्टे, कमानी, ट्रिगर, स्प्रिंग आदि अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
महेश
