Friday, April 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअवैध शराब के निर्माण, बिक्री के अड्डों पर सघन छापेमारी जारी: आबकारी...

अवैध शराब के निर्माण, बिक्री के अड्डों पर सघन छापेमारी जारी: आबकारी आयुक्त

लखनऊ(हि.स.)। उप्र के आबकारी आयुक्त सेंथिल पांडियन सी. ने कहा कि शासन के निर्देश पर प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण, तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए 21 जून से पांच जुलाई तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में आबकारी, पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीमें अवैध शराब के निर्माण, बिक्री के अड्डों के विरुद्ध निरन्तर सघन छापेमारी कर रही है।

आबकारी आयुक्त ने कहा कि आबकारी विभाग की ओर से विशेष प्रवर्तन अभियान में सात दिनों के भीतर प्रदेश में 19 हजार 430 छापे मारे गये, जिसमें 2,695 मुकदमे दर्ज हुए और 81 हजार 885 लीटर अवैध शराब बरामद की गयी। शराब बनाने के लिए तैयार किये गये 1,83,126 किलोग्राम लहन को मौके पर नष्ट करते हुए अवैध मदिरा के कार्य में संलिप्त 792 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इसमें से 287 अभियुक्तों को जेल भेजा गया तथा 28 वाहन जब्त किये गये।

उन्होंने कहा कि वाराणसी के आसपास आबकारी विभाग ने जाल बिछाकर छापेमारी एवं चेकिंग तेज कर दी है। औरैया में आबकारी एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा टोल प्लाजा पर वाहनों की चेकिंग के दौरान एक कंटेनर से 150 पेटी आफिसर च्वाइस व्हिस्की बरामद किया गया। इसी तरह मिर्जापुर की आबकारी टीम द्वारा मिर्जापुर-वाराणसी हाइवे पर रोड चेकिंग के दौरान एक महिन्द्रा कन्टेनर से 200 पेटी तस्करी कर लाई जा रही अवैध विदेशी मदिरा फार सेल इन हरियाणा बरामद किया गया। यहां दो अभियुक्तों के विरुद्ध आबकारी एवं आईपीसी की सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया।

शरद

RELATED ARTICLES

Most Popular