Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेश अवैध रूप से बने मकान पर चला प्रशासन का बुलडोजर

 अवैध रूप से बने मकान पर चला प्रशासन का बुलडोजर

मऊ(हि.स.)। बिना नक्शा पास कराए अवैध रूप से निर्मित लगभग एक करोड़ रुपये अनुमानित कीमत के दो मंजिला मकान को जिला प्रशासन ने मंगलवार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। पूर्व में इसी मकान में असलहा फैक्टरी पकड़ी गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के तहत इस मकान को कुर्क किया था। दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के प्यारेपूरा मोहल्ले में सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी के नेतृत्व में भारी फोर्स बल के साथ उक्त मकान को ध्वस्त किया।

शबाना खातून के इस घर में पुलिस ने पिछले साल असलहा तथा अर्ध निर्मित असलहा बरामद किया था। इस मकान से 500 निर्मित और अर्ध निर्मित असलहे बरामद किए गए थे। आरोपितों में कई लोगों का कनेक्शन बिहार से था। जिला प्रशासन ने उसी समय गैंगस्टर एक्ट के तहत सभी आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की थी तथा मकान को कुर्क किया था। मकान दो मंजिला बना हुआ था। गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होने के बाद जांच में पता चला कि बिना नक्शा पास करवाए अवैध रूप से मकान का निर्माण हुआ था। अभी इस प्रकरण के सभी आरोपित जेल में हैं।

कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट नीतीश कुमार सिंह सीओ सिटी धनंजय मिश्रा के साथ दक्षिण टोला कोतवाली की फोर्स मौजूद रही। सिटी मजिस्ट्रेट नीतीश कुमार सिंह ने बताया कि आरबीओ एक्ट के तहत दो मंजिला मकान को ध्वस्त किया जा रहा है। थानाध्यक्ष दक्षिण टोला के अनुसार इस मकान में अवैध शस्त्र बनाने का मशीन के साथ निर्मित और अर्धनिर्मित शस्त्र बरामद हुए थे जिसके तहत कार्रवाई हुई थी।

वेद नारायण/पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular