Tuesday, March 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअवैध ढंग से सारस पालने वाले अफरोज के खिलाफ प्राथमिकी, डीएफओ की...

अवैध ढंग से सारस पालने वाले अफरोज के खिलाफ प्राथमिकी, डीएफओ की निगरानी में पहुंचा संरक्षित सारस

सुलतानपुर (हि.स.)। पक्षी सारस को पालने की खबरें और इसको लेकर सियासत काफी तेज है। पड़ोसी जिले अमेठी में आरिफ खान के खिलाफ सारस पालने पर प्राथमिकी हुई अब ऐसा ही मामला सुलतानपुर से सामने आया। जहां सारस के अवैध ढंग से पाले जाने की सूचना पर बुधवार को वन विभाग की टीम ने अफरोज खान से सारस को अपनी निगरानी में लिया।

युवक अफरोज खान कोतवाली देहात थानाक्षेत्र के छतौना गांव का निवासी है। अफरोज पुत्र सफीक खान ने बताया कि 6 माह पहले सारस पक्षी बच्चे के रूप में हमें मिला था। जिस पर हम इसे अपने घर लेकर पहुंचे और पालन-पोषण करने लगे। इस बीच सारस बहुत तेजी से बढ़ने लगा और जल्दी ही उसने वयस्क सारस का स्वरूप ले लिया। अमेठी के आरिफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने और सारस को वन्य जीव अभ्यारण में भेजने के बाद सुलतानपुर के वन अधिकारी भी सक्रिय हो उठे हैं। बुधवार को आनन-फानन में सारस को प्रभागीय वन कार्यालय सिरवारा रोड लाया गया।

जहां पर डीके सिंह एसडीओ वन विभाग के आवास पर कर्मचारियों की निगरानी में उसे रखा गया है। रात के अंधेरे में वन्यजीवों को सहजता होती है। इसे देखते हुए वन विभाग के अफसर रात में इसे इसके प्राकृतिक निवास स्थान पर छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। अवैध रूप से पालने वाले अफरोज खान पुत्र शफीक खान निवासी छतौना थाना कोतवाली देहात के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सुलतानपुर में सारस पक्षी मिलने के बाद यह पैटर्न कौतूहल का विषय बन गया है।

दयाशंकर

RELATED ARTICLES

Most Popular