वाराणसी(हि.स.)। प्रयागराज से प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा निकालने के बाद कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष अजय राय ने शनिवार को ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से मुलाकात कर उनसे आर्शिवाद लिया। केदारघाट स्थित श्री विद्यामठ में कांग्रेस के नेता ने शंकराचार्य से देश के हालात पर भी चर्चा की। उल्लेखनीय है कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को अन्याय प्रतिकार यात्रा मामले में जिला जज डॉ. अजय कृष्ण विश्वेश की अदालत ने शुक्रवार को नियमित जमानत अर्जी सशर्त मंजूर कर ली। कोर्ट ने बंधपत्र की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें रिहा कर दिया। इस मामले में कांग्रेस नेता अजय राय भी आरोपित हैं। मुलाकात के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल व महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, विकास दुबे, ओम प्रकाश ओझा, अमित पाठक, नवीन पटवानी आदि भी मौजूद रहे।
श्रीधर
