Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअलीगढ़ मुस्लिम विवि के कुलपति समेत भाजपा के छह एमएलसी मनोनीत

अलीगढ़ मुस्लिम विवि के कुलपति समेत भाजपा के छह एमएलसी मनोनीत

-राज्यपाल ने दी मंजूरी

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल नेभारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के छह विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) को मनोनीत करने की मंजूरी दे दी। इनमें अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. तारिक मंसूर और पूर्व कैबिनेट सचिव नृपेंद्र मिश्रा के बेटे साकेत मिश्रा भी शामिल हैं।

सौ सदस्यों वाली उप्र विधान परिषद में छह सीटें रिक्त थीं, जिन्हें मनोनीत करके भरना था। भाजपा नेतृत्व और योगी सरकार ने दो दिन पहले मनोनीत होने वाले छह लोगों की सूची राजभवन भेजी थी। इसके बाद राज्यपाल ने विधिक परीक्षण कराने के बाद सभी छह सदस्यों को विधान परिषद में मनोनीत करने की मंजूरी दे दी। इसके बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी।

इन मनोनीत सदस्यों में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. तारिक मंसूर और पूर्व कैबिनेट सचिव नृपेंद्र मिश्रा के बेटे साकेत मिश्रा के अलावा भाजपा के ब्रज क्षेत्र के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, आजमगढ़ के रामसूरत राजभर, भाजपा के वाराणसी जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा और उप्र अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम के अध्यक्ष लालजी प्रसाद निर्मल शामिल हैं।

भाजपा ने विधान परिषद के लिए मनोनीत इन छह सदस्यों में दो को पिछड़े वर्ग से, एक ब्राह्मण, एक दलित, एक वैश्य और एक मुस्लिम समाज से रखा है। वहीं क्षेत्रीय संतुलन के लिए तीन सदस्य पूर्वांचल से हैं, तो ब्रज क्षेत्र से दो और अवध क्षेत्र से एक सदस्य मनोनीत किया गया है।

पीएन द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular