अलीगढ़ : शराब का कहर रविवार को भी जारी रहा। पोस्टमार्टम हाउस पर देर शाम तक 20 शवों का पोस्टमार्टम किया गया। अब तक जिले में जहरीली शराब के सेवन से मरने का वालों का आंकड़ा 71 पर पहुंच चुका है जबकि प्रशासन अब तक 25 मौतों की ही पुष्टि कर रहा है।वहीं, शाम पुलिस ने 50 हजार के इनामी विपिन यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब कांड में अलीगढ पुलिस ने दर्जन भर से ज्यादा आरोपियों को नामजद करते हुए गिरफ्तारिया शुरू की थी। इस कांड में तीन मुख्य आरोपी सामने आये हैं, जिसमें ऋषि शर्मा, अनिल चौधरी, विपिन यादव शामिल है। अनिल चौधरी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। शेष दोनों मुख्य आरोपी फरार चल रहे थे। जिन पर एडीजी राजीव कृष्ण ने अलीगढ पहुंचकर 50-50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। रविवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी विपिन यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीसरा मुख्य आरोपी ऋषि शर्मा अभी फरार चल रहा है जब जिले में शराब दुकानों को बंद करा दिया गया था, इसके बावजूद भी परचूनी की दुकानों पर शराब की अवैध बिक्री होती रही और ग्रामीणों ने खरीद कर पी। खैर, टप्पल, पिसावा में हुई मौतों के बाद इनके शव रविवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पर लाए गए। दिनभर जिलेभर के अलग-अलग गांवों में इस तरह से मौत होने का क्रम जारी रहा।
