अलीगढ़ । उत्तरप्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुमार शर्मा ने कलैक्ट्रेट परिसर में एसीएम प्रथम कुवंर बहादुर को कर्मचारियों एवं शिक्षकों की पांच सूत्री मांगों की पूर्ति के सम्बन्ध में मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार को सम्बोधित ज्ञापन दिया।
जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि कोविड-19 महामारी में प्रदेश के कर्मचारी एवं अधिकारी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पूर्ण मनोयोग से जन सेवा कार्य कर रहे हैं। पंचायत चुनाव सम्पन्न कराने में भी कर्मचारियों एवं शिक्षकों ने पूर्ण सहयोग प्रदान किया है। वैश्विक महामारी कोरोना में अपने दायित्वों के निर्वहन में बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं शिक्षक संक्रमित हुए एवं हजारों की संख्या में दिवंगत हो गये, जिससे इनके परिवार अत्यधिक पीड़ा में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। इसी बीच शासन द्वारा अनेक भत्तों में कटौती की गयी है एवं लम्बित मंहगाई भत्ते का भी भुगतान नहप किया जा रहा है। जिससे कर्मचारी व शिक्षक आर्थिक समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति की वर्चुअल बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कर्मचारियों की समस्याओं की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित करने के लिए कर्मचारी महासंघ की जनपद एवं तहसील शाखाओं द्वारा मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन दिया जाए। इसी क्रम में शासन एवं कर्मचारियों के मध्य सेतु का कार्य करने वाले प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन दिया गया है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के विकास यादव, राजपाल संत, ओमवीर सुमन, अशोक कुमार बघेल, मनेष कुमार, राकेश शर्मा, अभिषेक आदि पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अलीगढ़ : आर्थिक समस्या से जूझ रहे कर्मचारी और शिक्षक?
RELATED ARTICLES
