पहले चरण में बिल्हौर क्षेत्र के लिए आठ पुलिस चौकी बढ़ाने पर हुई सहमति
कानपुर (हि.स.)। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए कानपुर कमिश्नरेट लगातार प्रयासरत है और आबादी के लिहाज से समय समय पर थानों की बढ़ोतरी भी हो रही है। हाल ही में ककवन थाना अर्न्तगत नया थाना अरौल बना है। अब कानपुर कमिश्नरेट खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस चौकी बढ़ाने पर जोर दे रहा है। इसके तहत पहले चरण में बिल्हौर तहसील क्षेत्र में आठ नई पुलिस चौकी बनाए जाने पर सहमति बनी है और जल्द ही शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
कमिश्नरेट बनने के बाद कानपुर में आईपीएस अधिकारियों की संख्या बढ़ गई, लेकिन अपराध में कमी नहीं आ पा रही थी। हालांकि आईपीएस अधिकारियों की संख्या बढ़ने से यह फायदा जरूर हुआ है कि तकनीकी साक्ष्यों के जरिये अपराधों का खुलासा समय पर हो रहा है। अपराध पर कमी लाने के लिए कमिश्नरेट में पहले चार थानों का सृजन आबादी के अनुसार किया गया। इसके बाद कमिश्नरेट क्षेत्र में अपराधों पर कुछ हद तक लगाम लगी, लेकिन आउटर क्षेत्र में पुलिस का खौफ कम हो रहा था। इसे देखते हुए पूरे जनपद को कमिश्नरेट में शामिल कर लिया गया और आउटर व्यवस्था समाप्त कर दी गई। इस प्रकार जनपद में कुल 49 थाना संचालित हो गए , लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध की स्थिति जस की तस रही। ऐसे में कमिश्नरेट ने ग्रामीण क्षेत्र के थाना ककवन में एक नया थाना अरौल बनाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा और शासन से हरी झण्डी मिलने के बाद 50वें थाना के रूप में अरौल थाना अस्तित्व में आ गया। अब कानपुर कमिश्नरेट अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस चौकियां बढ़ाने पर जोर दे रहा है।
पहले चरण के तहत मुख्यालय से दूर बिल्हौर तहसील क्षेत्र को चुना गया है। इस क्षेत्र में आठ नई पुलिस चौकी बनाए जाने पर सहमति बनी है। यह पुलिस चौकियां बिल्हौर, ककवन, शिवराजपुर और चौबेपुर थाना क्षेत्र में खुलेंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में अपराधियों पर खौफ बनेगा। सूत्रों के अनुसार औरोताहारपुर, नानानऊ, मल्हापुर, अलियापुर, देवहा, धमनी निवादा, कासामऊ, बाबा कुआं जगहों पर पुलिस चौकी बनेंगी। दूसरे चरण में दूसरे सुदूर क्षेत्र घाटमपुर में पुलिस चौकी बढ़ाई जाएंगी। हालांकि यहां पर अभी यह सुनिश्चित नहीं है कि कितनी पुलिस चौकी बढ़ेंगी। सयुंक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस चौकी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
अजय सिंह
