बरेली(हि.स.)। वनखंडी नाथ मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे कांवड़ियों पर मार्ग में रविवार दोपहर अराजकतत्वों ने पथराव कर दिया। इसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया। कांवड़ यात्रा पर पत्थरबाजी को लेकर कांवड़ियों में रोष व्याप्त है।
जिले के प्रमुख मंदिरों में से वनखंडी नाथ मंदिरों में से एक है। यहां सावन के हर सोमवार को हजारों की संख्या में कांवड़िये पहुंचते हैं। तीसरे सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों के जत्थे पहुंचने रविवार से ही शुरू हो गए। दोपहर के वक्त कांवड़ियों का एक जत्था वनखंडी नाथ मंदिर जा रहा था। तभी रास्ते में पड़ने वाली शाहनूरी मस्जिद और आसपास के घरों से कांवड़ियों पर पथराव शुरू कर दिया गया। इससे इलाके में भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पाकर पुलिस के अधिकारी और आरएएफ, पीएसी सहित पांच थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। स्थिति को संभालते हुए इलाके में फोर्स तैनात कर दिया गया है। बारादरी थाना की पुलिस ने घटना का वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।
अनूप/दीपक/सियाराम
