– सांसद ब्रजभूषण ने निकाली स्वाभिमान यात्रा
अयोध्या (हि.स.)। रामनगरी के सरयू तट पर स्थित श्री रामजन्मभूमि आंदोलन के पुरोधा महंत रामचन्द्र दास परमहंस की समाधि स्थल पर शुक्रवार को भगवान राम, संतों और सरयू मैया को साक्षी मानते हुए कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने ऐलान किया कि वह अयोध्या से कभी कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने अयोध्या से स्वाभिमान यात्रा निकाली। इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या में राजनीतिक जमीन तलाशने की अटकलों पर भी विराम लगा दिया।
राज ठाकरे की अयोध्या यात्रा के समर्थन में आए अयोध्या के सांसद लल्लू सिंह से बढ़ी दूरियों का भी इशारे-इशारे में खंडन करते हुए उन्होंने कहा कि अगर केंद्रीय नेतृत्व टिकट देगा तो भी मैं अयोध्या से चुनाव नहीं लड़ूंगा। सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि जिस प्रकार अयोध्या में हनुमान जी लोगों की रक्षा कर रहे हैं। उसी प्रकार से मैं भी नंदनी नगर से अयोध्या की सदैव रक्षा करने का संकल्प लेता हूं। अयोध्या से निकली सांसद की स्वाभिमान यात्रा रीडगंज चौराहे से चौक, रिकाबगंज होते हुए गद्दोपुर पहुंची। जगह-जगह कार्यकर्ता स्वागत के लिए पहले से उपस्थित रहे। यह भी कहा कि पांच जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मोत्सव पर पांच लाख उत्तर भारतीयों को एकत्र कर मुख्यमंत्री का जन्मदिन इक्यावन सौ किलो का केक काट कर मनाएंगे।
पवन
