Saturday, March 7, 2026
Homeमंडलअयोध्या मंडलअयोध्या में 51 स्थानों पर 22 हजार से अधिक वाहन पार्किंग

अयोध्या में 51 स्थानों पर 22 हजार से अधिक वाहन पार्किंग

– वायरलेस और पीए सिस्टम से लैस हैं वाहन पार्किंग स्थल

अयोध्या (हि.स.)। योगी सरकार ने श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए पुख्ता इंतजाम किये हैं। भीषण भीड़ के बीच पार्किंग के लिए किसी को भटकना न पड़े, इसके लिए पार्किंग स्थलों को गूगल मैप पर अपलोड कर दिया गया है। वहीं पार्किंग स्थलों को वीवीआईपी, वीआईपी और अन्य मेहमानों के लिए भी रिजर्व किया गया है। ये पार्किंग वायरलेस और पीए सिस्टम से लैस हैं। साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

इन स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था

एडीजी ट्रैफिक बीडी पॉल्सन ने बताया कि अयोध्या धाम में वाहनों के पार्किंग के लिए 51 स्थान चिन्हित किए गए हैं। इनमें एक समय में एक साथ करीब 22,825 वाहनों को पार्क किया जा सकेगा। रामपथ पर पांच, भक्ति पथ पर एक, धर्म पथ पर चार, परिक्रमा मार्ग पर पांच, बंधा मार्ग पर दो, टेढ़ी बाजार रामपथ से महोबरा मार्ग पर एक और टेढ़ी बाजार रामपथ से उनवल मार्ग पर सात स्थानों को पार्किंग के लिए चिन्हित किया गया।

इसके अलावा अयोध्या से गोंडा मार्ग पर दो, एनएच 27 पर 10, तीर्थ क्षेत्र पुरम में सात और कारसेवक पुरम टेंट सिटी के आस-पास तीन, रामकथा मंडपम टेंट सिटी पर चार स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है। इन पार्किंग को सरकारी, नजूल, निजी और पर्यटन विभाग की भूमि पर बनाया गया है। इसके अलावा अयोध्या धाम में बनी मल्टीलेवल पार्किंग में भी गाड़ियों को पार्क किया जाएगा।

ड्रोन से निगरानी, रामपथ और भक्ति पथ पर पार्क होंगे वीवीआईपी वाहन

अयोध्या ट्रैफिक सीओ राजेश तिवारी ने बताया कि रामपथ और भक्ति पथ स्थित छह पार्किंग स्थानों को वीवीआईपी वाहनों के लिए रिजर्व किया गया है। यहां पर वीवीआईपी मेहमानों की 1225 गाड़ियों को पार्क किया जाएगा। इसके अलावा धर्म पथ मार्ग और परिक्रमा मार्ग पर नौ पार्किंग स्थानों को वीआईपी के लिए रिजर्व किया गया है। यहां पर वीआईपी की 10 हजार से अधिक गाड़ियों को पार्क किया जाएगा। वहीं पुलिस फोर्स के लिए एनएच-27 में आठ पार्किंग स्थानों को रिजर्व किया गया है। यहां पुलिस की दो हजार से अधिक गाड़ियों को पार्क किया जाएगा। इन पार्किंग स्थल की निगरानी ड्रोन से की जाएगी।

कमलेश्वर शरण/दीपक/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular