-संजय सिंह बोले- मामले को जनता के बीच ले जाऊंगा
प्रयागराज(ईएमएस)। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह ने कहा है कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए जमीन खरीद में हुआ भ्रष्टाचार अब तक का सबसे बड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा है कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर यूपी विधानसभा चुनाव में जनता के बीच जायेगी। सिंह ने कहा है कि इस जमीन घोटाले को लेकर उन्होंने सभी कागजात भी उपलब्ध करा दिए हैं, इसके बावजूद आज तक इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं करायी गई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन पर मानहानि का दावा करने की भी बात कही थी, लेकिन उन्होंने ऐसा अभी तक कुछ भी नहीं किया है। संजय सिंह ने मांग की है कि अगर ट्रस्ट की ओर से कोई मानहानि का मुकदमा उनके खिलाफ दर्ज होता है तो इसकी सुनवाई सरकार फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर सकती है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि 2022 में होने वाले यूपी विधान सभा चुनाव के लिए पार्टी बेरोजगारी, मंहगाई, आक्सीजन घोटाला, पीपीई किट और थर्मामीटर घोटाले को लेकर भी जनता के बीच जायेगी। वहीं कानपुर के बिकरु कांड के एक साल पूरे होने पर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और यूपी प्रभारी संजय सिंह ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि योगी सरकार बिकरु कांड में चार महिलाओं और बच्चे को बेवजह फंसाकर उनका उत्पीड़न कर रही है। उन्होंने कहा है कि खुशी दुबे, शान्ति दुबे, क्षमा दुबे व विकास दुबे की नौकरानी रेखा अग्निहोत्री और उसके बच्चे को जेल में ठूंस दिया गया है। जबकि उनका कोई अपराध नहीं है। संजय सिंह ने कहा है कि योगी सरकार तानाशाही और हिटलर शाही पर उतर आयी है और अपराधियों और माफियाओं पर कार्रवाई के नाम पर मासूमों के साथ जुल्म कर रही है। उन्होंने सरकार के इस रवैये को गलत बताते हुए सीएम योगी से बड़ा दिल दिखाते हुए महिलाओं और बच्चों पर दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लिए जाने और उन्हें रिहा करने की भी मांग की है।
अयोध्या जमीन खरीद विवाद अब तक का सबसे बड़ा मुद्दा
RELATED ARTICLES
