नगर विकास मंत्री ने अयोध्या नगर निगम की 85 करोड़ के कार्यों का वर्चुअली शिलान्यास एवं लोकार्पण किया
लखनऊ (हि.स.)। अयोध्या भगवान राम की नगरी है। इसके विकास का एक सुंदर खाका तैयार किया जा रहा है। अयोध्या के विकास के लिए वित्तीय संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में अयोध्या को एक भव्य व वैश्विक नगर के रूप में विकसित किया जा रहा है। ये बातें नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कही। वे अयोध्या के 85 करोड़ रुपये के लागत से विकास कार्यों के लोकार्पण व शिलान्यास के अवसर पर लखनऊ से वर्चुअली बोल रहे थे।
उन्होंने नगर विकास के अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अयोध्या के नव निर्माण में पूरी निष्ठा एवं लगन से कार्यों में लग जाएं। शिलान्यास कार्यों को एक सप्ताह के अंदर धरातल पर योजना बनाकर उतारें। अयोध्या को साफ सुथरा बनाए रखने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए शहर को तीन जोन में बांटकर अपर नगर आयुक्तों को इसकी जिम्मेदारी दी जाए। साथ ही साफ-सफाई को चाक-चौबंद रखने के लिए मोहल्ला सफाई समितियों का गठन भी करें। उन्होंने अयोध्या में सड़कों के किनारे हरियाली, प्रकाश व्यवस्था एवं यात्रियों के बैठने के लिए उपयुक्त स्थान बनाने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने अयोध्यावासियों को सुविधा प्रदान करने के लिए 13.40 करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास एवं 50 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण किया। इन कार्यों में नगर क्षेत्र के 22 प्राथमिक विद्यालयों का 50 लाख रुपये से जीर्णाेद्धार एवं विकास, 537 लाख रुपये से नगर के विस्तारित क्षेत्रों में मार्गों का निर्माण, 110 लाख रुपए से सीताकुंड एवं लक्ष्मणघाट वार्ड की पेयजल आपूर्ति हेतु नलकूप का अधिष्ठापन, 612 लाख रुपये से 32 पार्कों का जीर्णाेद्धार, 70.64 लाख रुपये से अवधपुरी वार्ड में नाला का निर्माण आदि कार्य कराए जाएंगे। इसी प्रकार लोकार्पण कार्यों में 28 लाख रुपये की लागत से वेंडरों के लिए फूड हब का निर्माण, 295.72 लाख रुपये की लागत से नगर पंचायत खिरौनी, कुमारगंज के कार्यालय भवन का निर्माण, 43.54 लाख रुपये की लागत से अंगूरीबाग, लालबाग, कटरा, रामनगर व रामकोट में कंपोजिट विद्यालयों में सुविधाओं का विकास कार्य, शहर के जल निकासी के लिए 250.73 लाख रुपये की लागत से 06 नालों का निर्माण आदि कार्य कराए गए।
उपेन्द्र
