-भाजयुमो के युवा सम्मेलन में बोले भाजपा के यूपी चुनाव प्रभारी
अयोध्या(हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में युवाओं से संवाद किया। इससे पूर्व उन्होंने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर शहर के गुरुदेव पैलेस में जिला संचालन समिति व विधानसभा संचालन समिति के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारी के साथ बैठक की।
धर्मेंद्र प्रधान नेे गांधी परिवार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि मैं यहां प्रभु श्रीराम की नगरी में हूं। यहां कहा जाता है कि प्राण जाए पर वचन न जाई। जिन्होंने पीढ़ी दर पीढ़ी इस देश, इस राज्य में शासन किया। उनके क्षेत्र अमेठी और रायबरेली का हाल देखिए। जिन लोगों ने प्रजातंत्र में भरोसा करके उस खानदान को दो तीन पीढ़ी तक नेतृत्व दिया। उस अमेठी और रायबरेली की क्या स्थिति है ? अगर अमेठी में विकास करते तो इतनी भारी मतों से स्मृति ईरानी न जीततीं। इन लोगों ने कोई विकास कार्य नहीं किया। बल्कि देश की दुर्गति की। देश के पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों और गरीबों को और गरीब रखा। अब घड़ियाली आंसू बहाने के बाद भी कोई मानने वाला नहीं है। प्रदेश और देश की जनता मोदी और योगी के साथ है। केंद्र व प्रदेश सरकार को लेकर जनता की आस्था बढ़ी है।
प्रधान ने कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य में कानून की स्थापना करना, विकास को एजेंडे में लाना, रोजगार को एजेंडे में लाना, महिला सुरक्षा को एजेंडे में लाना, गरीबों के चौमुखी कल्याण उनके घर, घर में शौचालय, पीने के पानी, बिजली, एलपीजी सिलेंडर व डीबीटी के माध्यम से खाते में पैसा पहुंचाना। पिछले दो साल से मुफ्त में अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तेल, नमक और दाल भी उपलब्ध कराया जा रहा है।आज ये प्रमुख मुद्दा है। इसी मुद्दे को लेकर हम चुनाव में उतरेंगे। प्रदेश की जनता फिर लोकप्रिय प्रधानमंत्री मोदी और प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा जताएगी।
केन्द्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शनिवार को हेलीकॉप्टर से हवाई पट्टी पहुंचे। यहां पर भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव सिंह और महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
पवन/ दिलीप
