Sunday, February 15, 2026
Homeमंडलअयोध्या मंडलअयोध्या की उपनगरी के तौर पर विकसित होगा भरत कुंड

अयोध्या की उपनगरी के तौर पर विकसित होगा भरत कुंड

मनोज तिवारी

अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण के साथ एक ओर जहां नई अयोध्या बसाने की तैयारी है, वहीं दूसरी ओर भरतकुंड को भी उपनगरी के तौर पर विकसित किये जाने की तैयारी शुरू हो गई है। रामनगरी से 16 किलोमीटर दक्षिण दिशा में अयोध्या इलाहाबाद हाईवे के किनारे स्थित भरतकुंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए युगों से प्रवाहमान है। भगवान राम के वनवास के बाद भाई भरत ने भरे अयोध्या का राज्य तो स्वीकार कर लिया, कितु स्वयं तपस्वी की तरह राजधानी के वैभव से दूर इसी स्थल पर धूनी रमाकर राज्य संचालित किया। भगवान श्री राम यदि 14 वर्ष तक वनवास में रहे, तो भाई भरत इतने ही वर्षों तक नंदीग्राम भरतकुंड में तपस्यारत रहे। बड़े भाई श्री राम को अयोध्या का राज्य वापस लौटाने के बाद भरत यहां से वापस अयोध्या लौटे। त्याग-तपस्या और भ्रातृ प्रेम की विरासत यह स्थल आस्था का केंद्र माना जाता है और इसकी सौंदर्य को सहेजने के लिए निरंतर प्रयास भी होता रहा है। अब जबकि अयोध्या के साथ उससे लगे तीर्थस्थलों के कायाकल्प की योजना प्रस्तावित हो रही है, तो सबसे पहला नाम भरतकुंड का सामने आ रहा है। शासन ने भरतकुंड का भव्य-नव्य अयोध्या की उपनगरी के तौर पर विकसित करने की योजना बनायी है। इस क्रम में न केवल भरत की विशाल प्रतिमा स्थापित किये जाने का प्रस्ताव है, बल्कि भरतकुंड को स्वच्छ-शुभ्र बनाये जाने और विश्व स्तरीय सुविधाएं विकसित किये जाने का प्रस्ताव है। समझा जाता है कि राम मंदिर बनने पर प्रतिदिन अयोध्या आने वालों की संख्या लाखों में होगी और इन दर्शनार्थियों के बड़े हिस्से को भरतकुंड से जोड़ कर इस पूरे परिक्षेत्र को पर्यटन हब बनाये जाने की योजना है। इसी योजना के तहत रामनगरी और भरतकुंड के बीच कुछ पूर्व दिशा में सरयू तट पर स्थित भगवान राम के पिता महाराज दशरथ की समाधि को भी विकसित किये जाने का खाका खींचा जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular