Tuesday, March 3, 2026
Homeमंडलअयोध्या मंडलअयोध्या का दीपोत्सव गिनीज बुक में दर्ज, जानें कितने दीप जले

अयोध्या का दीपोत्सव गिनीज बुक में दर्ज, जानें कितने दीप जले

संवाददाता

अयोध्या। सरयू किनारे राम की पैड़ी पर अद्भुत, अप्रतिम…मनोहारी दिव्य दीपोत्सव ने समूचे विश्व को मानो मोह लिया हो। विदेशी राजदूतों समेत 10 हजार मेहमान और 20 हजार से अधिक अवध के युवा तो साक्षी थे ही, ई-प्लेटफॉर्म पर करोड़ों दर्शक प्रभुराम की राजगद्दी संभालने के बाद इस खुशी के गवाह बने। दीपों की माला से रोशन अयोध्या धाम में न सिर्फ एक साथ सर्वाधिक 9,41,551 दीप एक साथ प्रज्वलित होने का गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जो राम का नहीं वो किसी काम का नहीं कहकर अगले साल होने वाले चुनाव का मूड भी भांपने से नहीं चूके।
सूरज ढलते ही अयोध्या में अलौकिक दिव्यता से त्रेतायुग जीवंत हो उठा। सीएम योगी ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या समेत मंत्रियों के साथ 5100 दीपों से मां सरयू की जैसे ही आरती उतारी पूरी अयोध्या दीपों से जगमगा उठी। दीपोत्सव के नोडल अधिकारी शैलेंद्र वर्मा ने बताया कि राम की पैड़ी पर अवध के हजारों युवाओं ने 10,95,645 दीप सजाकर 9,41,551 दीप जलाने का रिकॉर्ड बनाया। हालांकि इस बार के लिए साढ़े सात लाख दीप जलाने का ही लक्ष्य रखा गया था, लेकिन यह युवाओं की मेहनत नतीजा था कि लक्ष्य बौना हो गया एक साथ 40 मिनट के भीतर नौ लाख 41 हजार पांच सौ 51 दीप पांच मिनट तक अनवरत जलाने का नया गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया गया। दीपों से सजे रामायण कालीन दृश्यों को देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध था। इस बार पिछले साल की तुलना में करीब सवा तीन लाख दीप ज्यादा लगाए गये थे। चुनावी मूड में दिखे सीएम ने यहां भी जमकर तीर चलाए। यूपी की गद्दी संभालने के बाद 2017 से शुरू हुई दीपोत्सव की इस परंपरा का श्रेय लेते हुए विश्व को एक मेगा पर्यटन केंद्र देने के साथ सांस्कृतिक राजधानी के रूप में अयोध्या का पुनरोद्धार करने का संकल्प तो गिनाया ही, राम के बहाने विरोधी दलों पर जमकर तंज कसे। इसके लिए मुख्यमंत्री, केंद्रीय पर्यटन मंत्री, उपमुख्यमंत्री समेत बाहर से आए देश विदेश के अतिथियों ने अवध के युवाओं की नया विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए भूरि-भूरि प्रशंसा की। उधर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने भी रामलला के अस्थाई मंदिर समेत श्रीराम जन्मभूमि गर्भगृह समेत चल रहे राममंदिर निर्माण की नींव को ही 51 हजार दीपों से जगमगा दिया। रंगोली से सजी रामजन्मभूमि की शोभा देखते ही बन रही थी।

यह भी पढ़ें : पटाखा बाजार में भीषण आग, 15 दुकानें जलकर राख

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular