– पर्यटन की दशा-दिशा में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन विभाग ने शुरू कीं तैयारियां
-अयोध्या में 4.40 एकड़ में बनने जा रहे पर्यटन केंद्र को 130 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा पूरा
अयोध्या(हि.स.)। राम नगरी अब श्रीराम मंदिर के निर्माण के साथ ही वैश्विक पटल पर व्यापक उपस्थिति दर्ज कराने को तैयार है। पीएम नरेंद्र मोदी के विजन और सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा इस विजन के क्रियान्वयन ने अयोध्या के कायाकल्प का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। श्रीराम मंदिर का निर्माण पूर्ण होने पर न केवल देश बल्कि दुनिया के विभिन्न कोनों से श्रद्धालुओं व पर्यटकों का आवागमन अयोध्या में वृहद स्तर पर बढ़ेगा। इस बात को ध्यान में रखकर योगी सरकार अयोध्या में 130 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से 4.40 एकड़ क्षेत्र में टूरिज्म फैसिलिटेशन सेंटर विकसित करने की कार्ययोजना पर कार्य कर रही है। सीएम योगी की मंशा के अनुरूप, उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग अयोध्या में नेशनल हाइवे 330 व नेशनल हाइवे 27 से कनेक्टिविटी को ध्यान में रखकर पूर्व निर्धारित जगह पर इस टूरिज्म सेंटर का विकास करने जा रही है।
पीपीपी के जरिए डीबीएफओटी मॉडल पर होगा विकास
इस परियोजना को तेजी के साथ पूरा करने पर योगी सरकार का फोकस है और इसी क्रम में पर्यटन विभाग द्वारा पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) के जरिए डिजाइन बिल्ड फाइनेंस ऑपरेट ट्रांसफर (डीबीएफओटी) मॉडल पर पूर्ण किया जाएगा। इस विस्तृत कार्ययोजना में उन स्थलों का भी जिक्र किया गया है जो कि वर्तमान में अयोध्या में अवस्थित हैं और प्रोजेक्ट के दौरान इनको हटाने व रीटेन करने को लेकर स्थिति भी साफ की गई है।
उल्लेखनीय है कि इस विषय में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा पहले ही ई टेंडर पोर्टल के जरिए बिडिंग के आवेदन मांगे गए थे। इनमें से चार आवेदक कंपनियों का चयन कर भी लिया गया है। आगे की प्रक्रिया में इन कंपनियों को फाइनेंशियल बिडिंग का मौका दिया जाएगा और इसमें चयनित होने वाली कंपनी को फिर लेटर ऑफ इंटेंट व कंसेशन एग्रीमेंट उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उपलब्ध करा दिया जाएगा।
अयोध्या मास्टर प्लान 2031 के तहत निर्धारित प्लॉट लेआउट, इंटरनल रोड लेआउट यूटिलिटीज व हरित क्षेत्रों के संवर्धन को ध्यान में रखकर डेवलपर्स को पर्यटन विभाग से बिजनेस प्लान को पास कराना होगा और इसी तर्ज पर परियोजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों को मूर्त रूप दिया जाएगा।
अयोध्या टूरिज्म फैसिलिटेशन सेंटर का कुछ ऐसा होगा स्वरूप
अयोध्या टूरिज्म फैसिलिटेशन सेंटर में कुल मिलाकर 3273 स्क्वेयर मीटर का बिल्ड अप एरिया होगा। इसमें शेल्टर होम, शिल्प ग्राम, टॉयलेट्स व एचएटी स्ट्रक्चर्स शामिल हैं। चौक अयोध्या रोड से आने वाली सड़क इस साइट के लिए मुख्य मार्ग के तौर पर कार्य करेगी। इस क्षेत्र में परियोजना को पूर्ण करने के लिए कुछ मौजूदा इंफ्रास्ट्रक्चर्स को हटाना या फिर री-स्ट्रक्चर करने की भी जरूरत पड़ेगी।
पवन पाण्डेय/सियाराम
