अम्बेडकर नगर (हि.स.)। जलालपुर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही घटना के समय प्रयोग में लाई गई स्कार्पियो गाड़ी को भी बरामद कर लिया है।
थाना क्षेत्र के मलिकपुर छितौनी के एक गांव की युवती का एक लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी लड़के के बहकावे में आकर युवती 29 नवम्बर की देर शाम घर से भाग गई गई। प्रेमी युवक उसे स्कार्पियों वाहन से लेकर गया। इसके बाद रास्ते में उसका एक साथी भी उससे मिल गया। दोनों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया तथा आज तड़के उसे गांव के बाहर लाकर छोड़ दिया। घर पंहुच कर उसने अपनी मां को पूरी घटना से अवगत कराया जिसके बाद परिजनों ने थाने में तहरीर दी।
प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार सिंह ने तुरन्त कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवम यादव पुत्र रामजियावन यादव तथा सलमान खान पुत्र मो. रईस निवासी गुआपाकड़ थाना जलालपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयोग में लाई गई स्कार्पियों गाड़ी को भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने भी गांव पंहुच कर पीड़ित परिजनों से घटना की जानकारी ली। युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।
