Friday, March 27, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयअमेरिकी युद्धपोत पहुंचा ताइवान जलडमरूमध्य, चीन ने जारी किया हाई अलर्ट

अमेरिकी युद्धपोत पहुंचा ताइवान जलडमरूमध्य, चीन ने जारी किया हाई अलर्ट

ताइपे/बीजिंग (हि.स.)। ताइवान को लेकर अमेरिका और चीन के बीच घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताइवान के समीप चीन के जबर्दस्त युद्धाभ्यास के बीच अमेरिकी युद्धपोत मिलियस ताइवान जलडमरूमध्य पहुंच गया है। इसे लेकर चीन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

ताइवान को लेकर अमेरिका और चीन लगातार आमने-सामने आ रहे हैं। हाल ही में चीन ने ताइवान की सीमा पर जोरदार युद्धाभ्यास शुरू किया था। तब ताइवान के साथ अमेरिका ने भी चीन की आलोचना की थी। अब चीन के युद्धाभ्यास के बीच में ही अमेरिका ने भी अपने युद्धपोत ‘मिलियस’ को ताइवान जलडमरूमध्य में भेज दिया है। चीन का कहना है कि ताइवान जलडमरूमध्य के माध्यम से अमेरिकी युद्धपोत को ट्रैक किया गया है। ये युद्धपोत उस समय ताइवान जलडमरूमध्य में पहुंचा है, जब चीन ने स्व-शासित ताइवान को घेरकर रखा हुआ है। चीन ने इस मामले में हाई अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि अगर ताइवान के क्षेत्र में अमेरिका आता है तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

इस मसले पर अमेरिकी नौसेना के 7वें बेड़े का कहना है कि अमेरिकी युद्धपोत का ताइवान जलडमरूमध्य पहुंचना सामान्य प्रक्रिया है। यह नियमित अभियान का हिस्सा है। ये युद्धपोत जलडमरूमध्य में एक गलियारे से होकर गुजरा है, जो किसी भी तटीय राज्य के क्षेत्रीय समुद्र से परे है। इस बीच ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि चीन लगातार युद्धभ्यास कर रहा है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे में ताइवान के आसपास 18 चीनी सैन्य विमानों और चार नौसैनिक जहाजों को देखा गया है। चीन लगातार ताइवान को अपने नियंत्रण में लाने के लिए कोशिश कर रहा है।

संजीव मिश्र

RELATED ARTICLES

Most Popular