पुलिस छापे में कॉल सेण्टर संचालक समेत सात को किया गिरफ्तार
आगरा (हि.स.)। शास्त्रीपुरम से पुलिस ने अमेरिकी नागरिकों के साथ ठगी करने वाले गैंग को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छापेमारी में कॉल सेण्टर संचालक समेत सात को गिरफ्तार किया है। पुलिस को गैंग के पास से 6 कम्प्यूटर, 3 लैपटॉप, 6 हार्डडिस्क, 6 मोबाइल, 3 हैण्डफोन बरामद किये हैं।
मामला आगरा जनपद के शास्त्रीपुरम का है। यहाँ सेक्टर-सी, शास्त्रीपुरम स्थित फर्जी कॉल सेन्टर में पुलिस द्वारा छापा मारा गया। जानकारी के अनुसार सिकंदरा पुलिस को मुखबिर द्वारा एक फर्जी कॉल सेण्टर के चालु होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के पश्चात थाना सिकंदरा पुलिस द्वारा बताई गयी लोकेशन पर छापा मारा गया। पुलिस को मौके से छह युवक काम करते हुए पाए गए। कॉल सेण्टर पर काम करने वाले युवक विदेशी नागरिकों से ZOIPER साफ्टवेयर के माध्यम से VOIP पर कॉल कर लोन दिलाने का झांसा देते हैं। इसके पश्चात लोन से सम्बन्धित निजी जानकारी प्राप्त करके उसे कॉल सेंटर संचालक दे देते थे ।
मौके पर मिले कॉल सेण्टर संचालक से भी पुलिस द्वारा पूछताछ की गयी। संचालक का नाम अनुराग प्रताप बताया जा रहा है। संचालक द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार उसके संपर्क में 2-3 विदेशी नागरिक हैं। इनके द्वारा स्काइप आईडी के जरिए कुछ नंबर भेजे जाते हैं। उन नंबरों पर यहां से विदेशी नागरिक बनकर लोन स्वीकृत कराने का झांसा देकर उनकी सोशल सिक्योरिटी और लोन से संबंधित गुप्त सूचनाएं प्राप्त की जाती हैं। इसके पश्चात लिंक्ड इन सोशल एप्लिकेशन के जरिए 2-3 विदेशी नागरिकों की आईडी पर भेज दी जाती है। इसके बदले प्रति व्यक्ति 30 से 40 डॉलर का कमीशन सेण्टर संचालक को मिलता था।
थाना सिकंदरा पुलिस ने केस नंबर 211 / 2023 धारा 419/420 / 120-बी / 34 धारा 66 डी आईटी के तहत सेण्टर संचालक अनुराग प्रताप सिंह निवासी आवास विकास कालौनी, शिवम सागर उर्फ सिम्मू निवासी बाई का बाजार थाना सिकन्दरा, अभिषेक चाहर निवासी बृज द्वारिका कालोनी पश्चिमपुरी, आशीष एस. लाल निवासी आवास विकास कालोनी सिकन्दरा, अभ्युदय फौजदार निवासी जनकपुरी कॉलोनी थाना शाहगंज, विलियमदास निवासी कृष्णा कॉलोनी देवरी रोड थाना सदर बाजार, यश पाराशर उर्फ शुभम निवासी आवास विकास कॉलोनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
श्रीकांत
