Sunday, April 12, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयअमेरिकी जनरल का दावा- रूस नहीं जीत पाएगा यूक्रेन से लड़ाई

अमेरिकी जनरल का दावा- रूस नहीं जीत पाएगा यूक्रेन से लड़ाई

– सैन्य कार्रवाई के जरिए यूक्रेन से रूस को बाहर निकालना काफी मुश्किल

वाशिंगटन (हि.स.)। यूक्रेन पर रूसी हमले के नौ महीने होने वाले हैं। इस बीच अमेरिका के एक शीर्ष जनरल ने दावा किया है कि यूक्रेन के साथ शुरू की गयी यह लड़ाई रूस नहीं जीत पाएगा।

रूस ने यूक्रेन पर इस वर्ष 24 फरवरी को हमला किया था। लगभग नौ महीने बीतने के बावजूद दोनों देशों के बीच घमासान जारी है। अब अमेरिका के शीर्ष सैन्य अधिकारी जनरल मार्क मिले के दावे ने रूस की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। यूक्रेन रक्षा संपर्क समूह की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में अमेरिकी ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टॉफ के अध्यक्ष जनरल मार्क मिले ने कहा कि यूक्रेन बहुत बड़ा देश है। यूक्रेन को जीतने और उस पर कब्जा करने की रूस की संभावना नगण्य या कहा जाए तो लगभग शून्य के बराबर है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन अपने देश से रूस को पूरी तरह बाहर कर पाएगा, इसकी संभावना भी कम है। उन्होंने दावा किया कि इस समय यूक्रेन का बीस प्रतिशत हिस्सा रूस के कब्जे में है।

जनरल मिले ने कहा कि सैन्य कार्रवाई के जरिए यूक्रेन से रूस को बाहर निकालना काफी मुश्किल है। यह तब तक नहीं हो सकता, जब तक कि रूसी सेना पूरी तरह से ध्वस्त नहीं हो जाती। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के नौ महीने के आसपास होने के बावजूद यूक्रेन के हिस्से में अधिक सफलताएं आई हैं और रूस हर पैमाने पर विफल रहा है। रूस इस युद्ध के माध्यम से जो हासिल करना चाहता था, वह हासिल नहीं कर सका है। यूक्रेन ने न सिर्फ हर पैमाने पर रूस का डटकर सामना किया, बल्कि मुंहतोड़ जवाब भी दिया है।

संजीव मिश्र

RELATED ARTICLES

Most Popular