Saturday, March 28, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयअमेरिका के मैरीलैंड में गोलीबारी, तीन की मौत, सात घायल

अमेरिका के मैरीलैंड में गोलीबारी, तीन की मौत, सात घायल

वाशिंगटन(हि.स.)। अमेरिका के मैरीलैंड में गोलीबारी की घटना सामने आई है। घटना में तीन लोगों की मौत हो गयी और सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है।

अमेरिका के मैरीलैंड के एनापोलिस इलाके के एक घर में जोरदार गोलीबारी हुई है। एनापोलिस में जिस जगह गोलीबारी हुई है, वह स्थान अमेरिकी संसद से महज तीस मील दूर स्थित है। घटना एजवुड रोड पर पैडिंग्टन प्लेस पर 1000 ब्लॉक की है। फिलहाल गोलीबारी के कारणों का पता नहीं चल पाया है। गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। घटना में तीन लोगों की मौत हो गयी और सात लोग घायल हो गए हैं। गोलीबारी की घटना के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई गयी है। घटना के बाद मौके पर पुलिस की कई गाड़ियां व एंबुलेंस देखी गयीं। इस मामले में पुलिस ने एक हमलावर को गिरफ्तार किया है। हमलावर से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद ही हमले के पीछे के कारणों का पचा चल सकेगा।

मैरीलैंड में इस तरह गोलीबारी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले एनापोलिस में ही हुई गोलीबारी की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई थी। यह गोलीबारी एक मीडिया हाउस के ऑफिस में हुई थी। तब कई स्थानीय अखबारों का संचालन करने वाली कंपनी कैपिटल गैजेट के कार्यालय पहुंचकर गोलीबारी की गयी थी। पता चला था कि आरोपित कैपिटेल गैजेट से लंबे समय से नाराज था। इस बार भी पुलिस को व्यक्तिगत कारणों से ही गोलीबारी किये जाने का अंदेशा है।

संजीव/दधिबल

RELATED ARTICLES

Most Popular