Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअमेठी : बेकाबू डबल डेकर बस पलटी, 24 यात्री घायल

अमेठी : बेकाबू डबल डेकर बस पलटी, 24 यात्री घायल

अमेठी (हि.स.)। आजमगढ़ से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 24 यात्री घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दो यात्रियों की हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा है। 
आजमगढ़ से एक डबल डेकर यात्री बस आजमगढ़ से दिल्ली जा रही थी। बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। यात्रियों का कहना है कि बस के सुल्तानपुर पहुंचने पर बस ड्राइवर ने एक ढाबे पर खाना खाया और शराब का सेवन किया। इसके बाद अमेठी के मिश्रौली गांव फ्लाई ओवर के पास तेज रफ्तार बस पलट गई। हादसे में दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। 
अस्पताल के डॉक्टर गोयल ने बताया कि 27 यात्री घायल थे, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। कुछ यात्रियों को मामूली चोटे आई थीं,​ जो प्राथमिक उपचार कराने के बाद चले गए हैं। लगभग 5-7 यात्रियों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। दो यात्रियों की हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। 
सीओ मुसाफिरखाना मनोज कुमार ने बताया कि यह घटना देर रात की है। यात्रियों ने बताया कि सुलतानपुर के एक ढाबे पर चालक ने बस रोकी थी। वहां पर खाना-पीना के बाद शराब पी थी। इसके बाद अमेठी पहुंचते ही अधिक नशे में होने पर चालक बस से नियत्रंण खो बैठा और हादसा हो गया है। इस मामले को गंभीरता से लेकर जांच की जा रही है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular