बरेली (हि स.)। बरेली के अमित हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दो बच्चों की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है। हंगामे के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुचीं लेकिन कोई एक्शन न होने पर परिजन बच्चों के शवों को लेकर एसएसपी ऑफिस पहुंच गए। जहां पर पुलिस अफसरों ने परिजनों को समझाकर शांत किया और पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी। फिलहाल परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत की है ।
दरअसल, महानगर के रहने वाले अंकित सक्सेना की 5 साल की बेटी को 2 दिन पहले डॉ. अमित अग्रवाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि स्टाफ ने इलाज में लापरवाही की जिसके चलते बच्चे की मौत हो गई। फतेहगंज पश्चिमी के रहने वाले अजय कुमार के 4 दिन के बेटे की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल के स्टाफ ने इलाज में लापरवाही की है। इस मामले में अस्पताल प्रबंधन ने कुछ कहने से इनकार किया है। हालांकि पुलिस का रवैया देखकर लग रहा है कि वह नामचीन डॉक्टर अमित को बचाने में लगी हुई है।
