– अमरोहा में विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के मौके पर बोले मुख्यमंत्री योगी
लखनऊ (हि. स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अमरोहा में कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पिछले साढ़े सात वर्षों से निरंतर बिना रुके, बिना थके देश की सेवा कर रही है। उसी तरह से उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की सरकार पिछले साढ़े चार वर्षों से कार्य कर रही है।
अमरोहा की जनता से अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2019 में आप लोग चूक गए थे। हालांकि जिला पंचायत अध्यक्ष आप लोगों ने भाजपा का ही बनाया है, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में बिना किसी चूक के भाजपा की सरकार बनाने में योगदान दीजिए। ताकि अगले पांच वर्षों तक हमारी सरकार फिर से प्रदेश की जनता की निरंतर सेवा करती रहे।
कोरोना काल में मोदी-योगी सरकार के कार्य को गिनाया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा की कि रोना काल में देश में बहुत जगह पर चीनी मीलें बंद थीं, लेकिन उत्तर प्रदेश में चीनी मिलें बंद नहीं की गयीं। सरकार ने ऐलान किया था कि किसान के खेत में जब तक एक भी गन्ना लगा होगा, चीनी मिलें बंद नहीं होंगी। पेराई चलती रहेगी। इस सरकार में एक लाख 45 हजार करोड़ से अधिक गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया है। आने वाले समय में गन्ना मूल्य के भुगतान को और बेहतर बनाने के लिए काम किया जा रहा है।
किसान खुशहाल तो देश की तरक्की
मुख्यमंत्री योगी ने कहा किसान की खुशहाली देश की खुशहाली है। पहले की सरकारों में चीनी मिलें बेच दी जाती थी। हम प्रदेश की जनता को आश्वस्त करते हैं कि अब चीनी मिलें बेची नहीं जाएंगी। हमारी सरकार किसानों के साथ पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफी किया गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से किसान को जोड़कर छह हजार रुपये सालाना दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि विपक्षी की विकास योजनाओं में कोई रुचि नहीं है। उन्हें अपनी हवेली बनाने में ही रुचि है। आज गरीबों का मकान बनाया जा रहा है। प्रदेश के 42 लाख गरीबों का मकान बना है। दो करोड़ से अधिक गरीबों को शौचालय मिला है। आज आप देख रहे होंगे कि गांव-गांव में ग्राम सचिवालय का निर्माण हो रहा है। ग्राम सचिवालय के साथ एक कंप्यूटर सहायक की नियुक्ति भी की जा रही है। बैंकिंग सखी की तैनाती करके गांव में ही बैंकिंग की सुविधाओं को दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की छवि को सुधारने के लिए कानून का राज आवश्यक है। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति रखने वाली हमारी सरकार उस दिशा में लगातार काम कर रही है। सीएम योगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो कहती है वह करती है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने अनुच्छे 370 हटाने का काम किया है। भाजपा सरकार में ही अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। योगी ने अमरोहा की जनता से कहा कि 2019 में चूक हो गई लेकिन जिला पंचायत अध्यक्ष आप लोगों ने फिर से भाजपा का बनाया है। 2022 में कोई चूक नहीं होनी चाहिए।
