Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअभेद निशाना होता तो राजकुमार दुबे बना देता दूसरा बिकरु कांड

अभेद निशाना होता तो राजकुमार दुबे बना देता दूसरा बिकरु कांड

– बिकरु कांड की तर्ज पर राजकुमार ने पुलिस टीम पर की फायरिंग, मुकदमा दर्ज

– करीब 40 राउंड फायरिंग में पत्नी का भी रहा साथ

कानपुर (हि.स.)। दो साल पूर्व बिकरु कांड की याद कर आज भी लोग व्यथित हो जाते हैं। इस घटना में एक सीओ सहित आठ पुलिस कर्मी शहीद हो गए थे। एक बार फिर बिकरू कांड जैसी घटना चकेरी में भी देखने को मिल सकती थी, लेकिन हमलावर राजकुमार दुबे के 40 राउंड फायरिंग और निशाना सटीक न होने की वजह से वह मंजर दोबारा होने से बच गया।

यही नहीं बिकरु कांड की भांति राजकुमार की पत्नी बराबर पति को गोली दे रही थी और पुलिस पर सीधे गोली मारने के लिए उकसा रही थी। पुलिस ने पत्नी समेत पति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर निवासी राजकुमार दुबे का बेटे और बहू से विवाद हो गया। इस पर उसने हवाई फायरिंग कर दी तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस टीम को देखते ही राजकुमार और उसकी पत्नी ने संतुलन खो दिया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरु कर दी। फायरिंग करने के दौरान वह बार बार बिकरु कांड के मुख्य गुनाहगार विकास दुबे का नाम ले रहा था। उसने करीब 40 राउंड पुलिस टीम पर फायरिंग की और उसकी पत्नी किरन भी बराबर पति को गोली देकर साथ दे रही थी। जांच में सामने आया कि पत्नी राजकुमार को उकसा रही थी और कह रही थी कि सीधे पुलिस टीम पर फायर करो। फायरिंग में एक दारोगा और दो सिपाही गोली के छर्रे लगने से घायल हुए।

..तो हो जाता दूसरा बिकरु कांड

पुलिस जांच में सामने आया कि रविवार को राजकुमार दुबे जिस समय पुलिस टीम पर फायर कर रहा था तो वह बार बार बिकरु कांड के मुख्य गुनाहगार विकास दुबे का नाम ले रहा था। पत्नी भी समझाने की जगह बिकरु कांड की भांति पति को बराबर गोलियां दे रही थी और पुलिस की पोजीशन बता रही थी। यह देख डीसीपी पूर्वी प्रमोद कुमार ने भांप लिया कि बड़ी घटना हो सकती है। इस पर उन्होंने दूसरा रास्ता अख्तिायार किया और आखिरकार राजकुमार दुबे पकड़ा गया। डीसीपी ने बताया कि उसका निशाना कमजोर था, नहीं तो बहुत बड़ी घटना हो सकती थी और हमलवार के दिमाग में बिकरु कांड बसा हुआ था।

दर्ज हुआ मुकदमा

डीसीपी पूर्वी प्रमोद कुमार ने सोमवार को बताया कि रामकुमार दुबे और उसकी पत्नी किरन के खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, आर्म्स एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। रामकुमार को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया था। जांच में सामने आया कि पुलिस पर फायरिंग के दौरान किरन पति को रोकने की बजाए कारतूस दे रही थी। वीडियो बना रहे पुलिस कर्मियों को छत से धमकी दे रही थी।

अजय/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular