पिता की जयंती पर गंगा में किया दीपदान, उन्हें भावुक होकर याद किया
लिखा -‘जन्मदिन और शिवरात्रि, आपको याद करने के लिए इससे अच्छी जगह नहीं
वाराणसी (हि.स.)। बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से सुबह-ए-बनारस की आरती और गंगा में सूर्योदय की लालिमा की तस्वीर शेयर की है। महाशिवरात्रि पर्व पर शहर में आने के बाद रवीना टंडन ने गंगा में नौका विहार कर गंगाघाटों के नैसर्गिक सौन्दर्य को देखा। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और श्री संकट मोचन मंदिर में दर्शन पूजन के बाद शाम को बजड़े पर सवार होकर दशाश्वमेधघाट पर गंगा आरती भी देखी। इसके बाद अपने स्वर्गीय पिता रवि टंडन को उनके जन्मदिन पर नमन कर बीच गंगा में नाव पर सवार होकर दीपदान भी किया। इस दौरान उन्होंने अपने पिता को याद कर सोशल मीडिया अकांउट पर लिखा कि ‘जन्मदिन और शिवरात्रि, आपको याद करने के लिए इससे अच्छी जगह नहीं। सांझ से भोर तक, हम पूरे टाइम काशी विश्वनाथ और आपके साथ हैं। यहां से आपको अलविदा कह रही हूं। आपको हमेशा प्यार ! जय शिव शंकर भोलेनाथ! हर हर महादेव ! हर हर गंगे। पिता को श्रद्धांजलि देने के बाद रात में नौकायन के बीच अपनी सेल्फी ली और ट्वीट किया। फोटो शेयर करते हुए लिखा- इससे अधिक दिव्य और सुंदर कुछ भी नहीं। महाशिवरात्रि रात की मेरी पसंदीदा तस्वीर। गंगा में नौकायन के बाद इसके आध्यात्मिकता अनुभव को रवीना टंडन ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर साझा किया। उन्होंने लिखा काशी… आखिरकार मैंने यहां पर उस शांति का ऐहसास किया, जिसे मैं हमेशा के लिए अपने दिल में सहेज कर रखूंगी। बताते चलें कि रवीना टंडन वाराणसी में गुपचुप तरीके से आई थीं। गंगाघाटों पर उन्होंने जमकर सेल्फी ली।
श्रीधर
