Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत मामले में समर सिंह की गिरफ्तारी न्याय...

अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत मामले में समर सिंह की गिरफ्तारी न्याय की दिशा में पहला कदम

– मुकदमे में हत्या की धारा लगवाने के लिए अब लड़ाई लडेंगे : अधिवक्ता

वाराणसी (हि.स.)। भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत मामले में शुक्रवार को एक आरोपी गायक समर सिंह को वाराणसी क्राइम ब्रांच टीम ने गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। समर सिंह की गिरफ्तारी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे के तेरहवीं के दिन हुई है। आकांक्षा दुबे की मां मधु दुबे के अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने समर सिंह की गिरफ्तारी को न्याय की दिशा में पहला कदम बताया है।

अधिवक्ता ने कहा कि हम लोग आकांक्षा दुबे की लड़ाई लड़ते रहेंगे। मुकदमे में हत्या की धारा लगवाने के लिए अब लड़ाई लड़ेंगे। जब तक पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर में लगी धारा 306 की बजाय 302 नहीं हो जाती। हमें प्रदेश सरकार पर पूरा भरोसा है। अधिवक्ता शशांक शेखर ने आरोप लगाया कि अभिनेत्री आकांक्षा ने खुदकुशी नहीं की थी, बल्कि उनकी हत्या की गई।

आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में भोजपुरी गायक समर सिंह को वाराणसी क्राइम ब्रांच पुलिस ने गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन स्थित चार्म्स क्रिस्टल सोसायटी से गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी संजय सिंह अभी फरार है। समर सिंह को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लाए जाने की तैयारी है। आकांक्षा दुबे की मां ने गायक समर सिंह और संजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए थे। मधु दुबे ने न्यायालय में गुहार लगाई है कि उनकी बेटी की मौत की जांच न्यायालय की निगरानी में की जाए ताकि आरोपियों को सजा मिल सके।

इससे पूर्व बीते 26 मार्च को आकांक्षा दुबे का शव सारनाथ क्षेत्र के होटल सोमेंद्र रेजिडेंसी के कमरा नंबर 105 में मिला था। होटल के बेड पर शव बैठने की स्थिति में था और आकांक्षा के गले में दुपट्टे का फंदा लगा था। अभिनेत्री की मौत के बाद उसकी मां मधु दुबे की तहरीर पर गायक समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ सारनाथ पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने में मुकदमा दर्ज कराया था।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular