Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअब सेना की हवाई पट्टी पर उतरेगा अखिलेश यादव का उड़नखटोला

अब सेना की हवाई पट्टी पर उतरेगा अखिलेश यादव का उड़नखटोला

24 घंटे रुकेंगे झांसी में पूर्व मुख्यमंत्री

पुलिस लाइन में हेलीकॉप्टर उतरने की अनुमति न मिलने पर रद्द हो गया था कार्यक्रम

झांसी(हि. स.)। प्रशासन द्वारा 22 दिसम्बर को पुलिस लाइन में हेलीकॉप्टर उतरने की अनुमति न देने के चलते रद्द हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के दौरे के बाद अब सपा सुप्रीमो का हेलीकॉप्टर सेना की हवाई पट्टी पर उतरेगा। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री दोपहर 1.50 बजे झाँसी पहुचेंगे और करीब 45 मिनट तक जेल में निरुद्ध गरौठा के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव से मुलाकात करेंगे। साथ ही अन्य कार्यक्रमों में शामिल होकर सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। दूसरे दिन करीब डेढ़ बजे तक वह यहां से प्रस्थान करेंगे। वह झांसी में करीब 24 घंटे रुकेंगे ।

अखिलेश यादव को 22 दिसम्बर को झाँसी आना था, लेकिन प्रशासन द्वारा पुलिस लाइन मैदान में निर्माण कार्य होने के चलते हेलीकॉप्टर उतारने की अनुमति न मिलने के कारण दौरा रद्द हो गया था। तब इसे लेकर राजनैतिक गलियारों में खूब शोरगुल मचा था। अब एक बार फिर 26 दिसम्बर को अखिलेश यादव का झाँसी दौरा तय हो गया है। सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष महेश कश्यप ने बताया कि उनके मुखिया संघर्ष के समय में अपने कार्यकर्ताओं के साथ सदैव खड़े रहते हैं। यह पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर दिखा दिया।

यह है अखिलेश यादव का प्रस्तावित कार्यक्रम

तय कार्यक्रम के अनुसार अखिलेश यादव अपरान्ह दो बजे हवाई पट्टी पर उतरेंगे। इसके बाद 2.30 बजे से 3.15 बजे तक वह जिला कारागार में पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव से मुलाकात करेंगे। इसके बाद 3.30 बजे से 4.00 बजे तक वह दीपनारायण सिंह के शिवाजीनगर स्थित आवास पर जाकर उनके परिवार से भेंट करेंगे। यहां से वह पूर्व प्रत्याशी सीताराम कुशवाहा व महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम के आवास पर जाएंगे। इसके बाद 5.30 बजे सर्किट हाउस में व्यापारियों से भेंट करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम भी सर्किट हाउस में ही करेंगे। मंगलवार सुबह का कार्यक्रम फिलहाल अभी तय नहीं हुआ है।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular