Wednesday, February 18, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलअब लखनऊ विश्वविद्यालय में पोर्टल के माध्यम से होगा छात्रावासों का मैनेजमेंट

अब लखनऊ विश्वविद्यालय में पोर्टल के माध्यम से होगा छात्रावासों का मैनेजमेंट

-कुलपति ने लांच किया पोर्टल, बदलाव पर दिया जोर

लखनऊ (हि.स.)। लखनऊ विश्वविद्यालय में अब छात्रावास मैनेजमेंट भी ऑनलाइन हो गया है। इसके लिए शनिवार को कुलपति ने हाॅस्टल मैनेजमेंट सिस्टम (एचएमएस) पोर्टल लांच किया। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के जीवन में डिजिटलाइजेशन और तकनीकी के माध्यम से विद्यार्थियों के जीवन में सुधार व बदलाव लाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कुलपति ने कहा कि छात्रावास प्रबंधन सभी संस्थानों में एक आवश्यक विशेषता बन चुकी है, क्योंकि इसमें संपूर्ण आवासीय सुविधा के कई पहलुओं का कुशलतापूर्वक प्रबंधन और मैनुअल काम को कम करना शामिल रहता है। लखनऊ विश्वविद्यालय में यह पहली बार है कि छात्रों को आसानी से पंजीकरण करने और छात्रावास की सुविधाओं के बेहतर ढंग से उपयोग करने में मदद करने के लिए इस ऑनलाइन पोर्टल को बनाया गया है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. पूनम टंडन ने बताया कि छात्रावास प्रबंधन प्रणाली, छात्रावासों की सूची, छात्रावासों के लिए चयन करने वाले छात्रों, शुल्क संग्रह, कमरे के आवंटन, और तथा अन्य संबंधित जानकारियों के बारे में विभिन्न विवरणों के प्रबंधन के लिए विकसित किया गया है। पोर्टल सिस्टम पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान छात्रों की जानकारी एकत्र करेगा और छात्रों को छात्रावास चुनने के लिए सारी जानकारी प्रदान करेगा। इसके अलावा आवंटन के दौरान, ऑनलाइन प्रणाली प्रत्येक छात्र के लिए छात्रावास, कमरा संख्या, प्रोवोस्ट का नाम और शुल्क का विवरण प्रदान करेगी जहां वे प्रक्रिया के लिए अपनी प्राथमिकताएं दे सकेंगे। कुल मिलाकर एचएमएस छात्रावास प्रबंधन इस पोर्टल के माध्यम से छात्रावास सुविधा का उपयोग करने वाले सभी छात्रों का संगठित रिकॉर्ड रखने में मदद करेगा।

यहां यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि दोनों परिसरों के लिए विश्वविद्यालय में सत्रह हॉल (अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के लिए एक सहित 10 लड़कों के लिए और लड़कियों के लिए सात) में लगभग 2500 सीटें हैं। प्रत्येक छात्रावास अभिरक्षक, अतिरिक्त मुख्य अभिरक्षक (छात्र एवं छात्राएं), मुख्य अभिरक्षक और अधिष्ठाता छात्र कल्याण के माध्यम से संचालित किया जाता है।

अधिष्ठाता छात्रकल्याण की संस्तुति पर कुलपति प्रो आलोक कुमार राय ने हाल ही में एक छात्रावास प्रवेश समिति का गठन भी किया था, जिसमें मुख्य अभिरक्षक इसके संयोजक और अपर अधिष्ठाता छात्र कल्याण और हॉल के अभिरक्षक सदस्य के रूप में हैं । यह समिति सभी छात्रावासों के लिए छात्रावास आवंटन की देखभाल कर रही है। एचएमएस पोर्टल लांचिंग के इस अवसर पर कुलसचिव डॉ संजय मेधावी, कुलानुशासक प्रो राकेश द्विवेदी, अपर अधिष्ठाता छात्र कल्याण और प्रोवोस्ट आदि भी उपस्थित रहे।

उपेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular