Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअब तनहाई में काटेगा माफिया अतीक का दिन, साबरमती जेल में बदली...

अब तनहाई में काटेगा माफिया अतीक का दिन, साबरमती जेल में बदली गई बैरक

लखनऊ/गुजरात (हि.स.)। साबरमती जेल में बंद उत्तर प्रदेश का माफिया अतीक अहमद की बैरक को बदल दिया गया है। उसे जेल की कड़ी सुरक्षा क्षेत्र में आने वाली 200 खोली बैरक में शिफ्ट किया गया है। यहां पर बेहद संगीन और देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त सजायाफ्ता कैदियों को रखा जाता है।

प्रयागराज के उमेश पाल हत्या कांड में अतीक अहमद को बीते दिनों न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। न्यायालय के फैसला आने के बाद अहमदाबाद की साबरमती जेल में बंद अतीक को अब हाई सिक्योरिटी बैरक में शिफ्ट किया गया है। सूत्रों की मानें तो उसे जेल की नए हिस्से की बैरक से हटाकर अब 200 खोली बैरक में रखा गया है। बताया जाता है कि यहां पर उन्हीं अपराधियों को रखा जाता है जो सजायाफ्ता कैदी हों या फिर आतंकी गतिविधियों में लिप्त रहने वाले कैदी।

जेल प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक अतीक की बैरक को बदलने से पूर्व उसकी कोरोना और स्वास्थ्य जांच की गई। तबीयत ठीक होने पर उसे हाई प्रोफाइल कैदियों वाली बैरक में शिफ्ट कर दिया गया। बताया जाता है कि इन बैरकों की सुरक्षा बेहद सख्त होती है और कैमरों के जरिए कैदियों की हरेक गतिविधियों पर नजर रखी जाती है। जेल प्रशासन ने यह कार्रवाई दो दिन पहले किए जाने की बात कही है।

मोहित वर्मा

RELATED ARTICLES

Most Popular