-मेनका गांधी ने सरकार के साढ़े चार वर्ष और खुद के कार्यों की गिनाई उपलब्धियां
सुलतानपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल को सांसद मेनका गांधी ने अब तक की श्रेष्ठ तथा जनता के साथ रहने वाली सरकार बताया। उन्होंने कहा कि हमारे इरादे नेक हैं और आपको काम करने के लिए ईमानदार सांसद मिलीं है, जो सभी की तरक्की व खुशहाली के लिए फिक्रमंद रहती है।
रविवार को तीन दिवसीय दौरे पर पहुंची पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका गांधी ने प्रदेश सरकार के साढ़े चार वर्षों व अपने कार्यों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया।
श्रीमती गांधी ने बताया कि उन्होंने अभी तक जनपद के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 64 करोड़ की लागत से सड़के बनवाई, कादीपुर में नवोदय स्कूल की स्थापना की, दो नए पुलिस स्टेशन बनवाए। जनपद के लिए मेडिकल कॉलेज की स्थापना की और अखंडनगर में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज खुलवाया।
उन्होंने बताया कि सुलतानपुर जिला ही एक ऐसा जिला है जहां पर दो ऑक्सीजन के बड़े प्लांट लगाए गए हैं। चार तहसीलों में फायर स्टेशन का काम चल रहा है। उन्होंने कहा हर जिले में एक कृषि विज्ञान केंद्र होता है लेकिन इस जनपद में दो कृषि विज्ञान केंद्र हो गए।
ग्रामीण अंचलों में बिजली की समस्या को देखते हुए 700 ट्रांसफार्मरों की क्षमता को अपडेट किया है। कुड़वार के सरकौड़ा में पावर सबस्टेशन बनवाने के लिए कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा इसके अतिरिक्त नगर में भीषण जाम को देखते हुए लगभग 30 करोड़ की लागत से तीन सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण का काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि जिले में एक एफएम सेंटर की स्थापना जल्द हो जाएगी, जो पूरे यूपी का सबसे बड़ा टावर वाला एफएम सेंटर होगा और जो दिसंबर तक शुरू हो जाएगा।
जनपद में 5 लाख से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि प्राप्त हुई है। सरकार ने भू-माफियाओं व बड़े शातिर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जिले में 165 हेक्टेयर भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई है।
सांसद ने कहा कि ज़िले में गरीबों के लिए शहरी क्षेत्र में 4 हजार से अधिक मकान बनवाये गये है। एक लाख 87 हजार से ज्यादा गरीबों को उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस दिया गया। जिले 6 आक्सीजन प्लांट चालू है। जिले में 8 नये सबस्टेशन का निर्माण व 16 सबस्टेशन की क्षमता वृद्धि की गयी है।426 पंचायत घर व 978 सामुदायिक शौचालय बनाये गयें है।
श्रीमती गांधी ने बताया कि जिले में वह मेहंदी और बॉस की खेती के लिए प्रयासरत हैं, जिससे लोगों को रोजगार भी मिल सके। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि रणजीत कुमार,जिला उपाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल, जिला महामंत्री विजय त्रिपाठी, संदीप सिंह आदि उपस्थित रहें।
