– उपेक्षितों के लिए योगी सरकार ने खोला पिटारा तो बदलने लगी तस्वीर
गोरखपुर (हि.स.)। वर्षों से समाज और सरकारों की उपेक्षा का दंश झेल रहे वनटांगिया, मुसहर और सहरिया समुदाय के लिए योगी सरकार किसी देवदूत से कम नहीं है। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 में पदारूढ़ होने के बाद योगी सरकार ने इस समुदाय के हित में अब तक कई फैसले लिये, जिसका असर अब स्पष्ट रूप से दिखने भी लगा है।
योगी सरकार ने इन उपेक्षित समुदायों के लिए योजनाओं का जैसे पिटारा खोल दिया। इससे इनके रोजगार मिलने का रास्ता भी खुला है, तो नौनिहाल अब शिक्षा से जुड़कर एक सुनहरे भविष्य की ओर बढ़ने को तैयार होने लगे हैं। वरिष्ठ पत्रकार राजीवदत्त पांडेय का कहना है कि योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद वनटांगियों और मुसहरों की हालत में लगातार सुधार आ रहा है। खेतों में मूस (चूहा) मारकर खाने के लिए कुख्यात मुसहर समुदाय की बेटियां भी अब सुरक्षा में सन्नद्ध हैं। कुशीनगर की दो बेटियों ने तो राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी से ट्रेनिंग लेने के बाद तेलंगाना में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करना शुरू कर दिया है। अपने घरों के लिए सही मायने में लक्ष्मी बन चुकी हैं। इन लड़कियों ने अपना भविष्य तो बनाया ही है, परिजनों के कष्ट को कम कर उनका जीवन स्तर भी ऊंचा किया है। यह सब योगी सरकार की नीतियों का ही कमाल है।
वरिष्ठ पत्रकार अनिल तिवारी का कहना है कि वन क्षेत्रों में निवास करने वाले वनटांगिया अब राजस्व गांव के निवासी हैं। इन्हें न सिर्फ नागरिकता का गौरव मिला है, बल्कि वनटांगिया को भी सारी सुविधायें भी मिल रहीं हैं। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने अपने गृह जनपद गोरखपुर के वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नम्बर तीन से इसकी शुरुआत की थी। अब प्रदेश के सभी क्षेत्रों के वनटांगिया को आवास, जमीन, शौचालय, बिजली, स्कूल, रसोई गैस, पेयजल, राशन कार्ड, पेंशन योजनाओं का लाभ, मनरेगा के तहत रोजगार सुलभ कराने को हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
वरिष्ठ पत्रकार धीरेन्द्र विक्रमादित्य गोपाल का कहना है कि प्रदेश के ललितपुर जिले में रहने वाले सहरिया समुदाय की 70,634 की आबादी ने अब लकड़ी से सामान बनाने की कला का व्यवसायीकरण कर लिया है। बेलपत्र एकत्र करना और जड़ी बूटी का निर्माण कर विक्रय करने की कला भी सीख लिया है। इससे इनका जीवन आसान होने लगा है।
उत्तर प्रदेश के 19 जिलों- महाराजगंज, आजमगढ़, गाजीपुर, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, कुशीनगर, जौनपुर, वाराणसी, संत रविदास नगर, मिर्जापुर, अंबेडकरनगर, अमेठी, चंदौली, मऊ, प्रतापगढ़, सोनभद्र और सुल्तानपुर जैसे जिलों में मुसहर जाति निवास कर रही है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार इनकी कुल आबादी 02 लाख 57 हजार 135 है।
ललितपुर जिले में निवास करने वाली सहरिया समुदाय की आबादी 70,634 है। इन्हें इनके हाल पर ही छोड़ दिया गया था। अब इनके जीवन में उजियारा होना शुरू हुआ। यह समुदाय लकड़ी से टोकरी बनाता है। बेलपत्र एकत्र कर उनका विक्रय करता है। औषधीय पौधों की जानकारी रखने वाला यह समुदाय जड़ी-बूटी तैयार कर उनकी बिक्री भी कर रहा है। गोरखपुर, बलरामपुर, बहराइच, पीलीभीत, लखीमपुरखीरी, महराजगंज में निवास करने वाले लगभग 40 हजार की आबादी वाले वनटांगिया समुदाय को भी पिछली सरकारों में कोई राहत नहीं मिली थी। योगी सरकार आई तो इनको पंख लग गये।
आमोद
