हाथरस (हि.स.)। जिले में शनिवार को आयोजित 14 में मंडलीय युवा सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में आई माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने बेसिक तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग महानिदेशक स्कूल शिक्षा के अधीन होने पर कहा है कि दोनों ही शिक्षा विभाग और अच्छे तरीके से चलेंगे। दोनों विभाग पूरे नियंत्रण में रहेंगे और सारी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित चलेंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया अभियान पर उन्होंने कहा कि हमारी हर जगह तैयारी चल रही है। काफी बड़ी संख्या में हमारे विद्यालय तैयार हैं, डिजिटल को लेकर जो कुछ जरूरत है वह सब मौजूद हैं। बोर्ड परीक्षा को लेकर गुलाब देवी ने कहा बोर्ड परीक्षा पूरी तरह से नकल विहीन कराई जाएगी। कोई भी बच्चा कहीं पर भी नकल नहीं कर सकता है, इस तरह की व्यवस्था की गई है। पहले भी नकल माफिया के इरादों पर विभाग ने पानी फेर दिया था। उन्होंने बताया कि बच्चों के विकास के लिए तमाम तरह के पोर्टल शुरू किए गए हैं। जिनसे बच्चों के व्यक्तित्व का विकास होगा।
गुलाब देवी ने बागला कॉलेज के मैदान में आयोजित माध्यमिक शिक्षा विभाग के 14 में मंडलीय युवा सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में आई थीं। उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की। इस दौरान उनके साथ निदेशक माध्यमिक शिक्षा विभाग सरिता तिवारी भी मौजूद रहीं।
चन्द्रिल
