परीक्षा पास करने पर ही फार्मेसी काउंसलिंग में होगा पंजीकरण
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। डिप्लोमा इन फार्मेसी में उत्तीर्ण छात्रों को अब पंजीकरण से पहले एग्जिट परीक्षा पास करनी होगी। इस परीक्षा को बिना पास किए पंजीकरण नहीं होगा। फार्मेसी काउंसिल आफ इंडिया के प्रस्ताव को भारत सरकार ने मंजूरी दे दी है। 24 फरवरी 2022 को अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। इस लिहाज से 24 फरवरी के बाद डी फार्मा छात्रों को पंजीकरण से पूर्व एग्जिट परीक्षा देना अनिवार्य है। अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष हरिओम सिंह ने बताया कि फार्मेसी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए एग्जिट एग्जाम की मांग राष्ट्रीय अध्यक्ष शशि भूषण सिंह द्वारा काफी दिनों से की जा रही थी। इससे फार्मेसी के गिरते शैक्षिक स्तर में सुधार होगा। सिंह ने बताया कि अखिल भारतीय फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने सरकार के फैसले का स्वागत किया है। अब यह परीक्षा साल में दो बार होगी। परीक्षा कार्यक्रम काउंसिल द्वारा जारी किया जाएगा। फार्मेसी के छात्रों को इस परीक्षा में प्रत्येक पेपर में 50 फीसदी अंक लाने होंगे और यह पेपर 3 घंटे में हल करना होगा जिसमें फार्मास्युटिक्स, फार्मोकोलॉजी, फार्माकोग्नोसी, फार्मास्यूटिकल केमेस्ट्री, बायो केमिस्ट्री, हॉस्पिटल एंड क्लिनिकल फार्मेसी, फार्मास्यूटिकल जूरिप्रूडेंस एंड ड्रग स्टोर मैनेजमेंट में बहुविकल्पीय प्रश्नों के तीन पेपर होंगे। परीक्षा की भाषा अंग्रेजी होगी इसीलिए छात्र छात्राओं को अंग्रेजी में परीक्षा देनी होगी।
कलमकारों से अनुरोध..
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com
