Wednesday, February 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअब उप्र में किसान संकल्प यात्रा निकालेगी कांग्रेस, योगी सरकार को संकल्प...

अब उप्र में किसान संकल्प यात्रा निकालेगी कांग्रेस, योगी सरकार को संकल्प पत्र की दिलाएगी याद

– प्रतिदिन ढाई किमी पदयात्रा करेंगे कांग्रेस पदाधिकारी, किसी किसान परिवार के घर करेंगे विश्राम

लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश में भी कांग्रेस भारत जोड़ो किसान संकल्प यात्रा निकालने जा रही है, जिसकी शुरूआत 10 सितम्बर से होगी। इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस नेता भाजपा के संकल्प पत्र की याद दिलाएगी। यह संकल्प यात्रा प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, फैजाबाद, देवीपाटन, बरेली मंडलों के अन्तर्गत जनपदों तहसीलों, ब्लाकों में ग्राम पंचायतों के स्तर तक जाएगी।

उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस मध्य जोन के चेयरमैन जगदीश सिंह ने बताया कि भारत जोडो- किसान संकल्प यात्रा में पदाधिकारीगण स्थानीय किसानों को साथ लेकर प्रतिदिन ढाई किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे एवं गांव के किसान परिवार के द्वार यात्रा के यात्रीगण विश्राम करेंगे। साथ साथ जिस गांव में यात्रा पहुंचेगी। वहां के पांच प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करेगी। भारत में 42 प्रतिशत परिवार किसान हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 68 प्रतिशत प्रदेश के 10़.7 करोड़ परिवार कृषि पर ही निर्भर हैं। किसान परिवारों के हक एवं हकूक की लड़ाई के लिए उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस सतत प्रयत्नशील है। समय समय पर किसान हितों के लिए अपनी आवाज उठाते रहते हैं।

उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुशील तिवारी ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक कार्पोरेट की सम्पत्तियां कई गुना बढ़ गयी हैं, लेकिन किसान की प्रतिदिन आय मात्र 27 रुपये ही है। मौजूदा समय में प्रत्येक किसान पर लगभग 74000 रुपये का कर्ज है। नफरत की खेती फल फूल रही है। बजाय किसान मुद्दों पर कार्य करने के उनके जीवन स्तर के सुधार हेतु कुछ नहीं किया जा रहा है। निरंतर आय दोगुनी किये जाने के झूठे वादे किये जा रहें हैं। वही दूसरी ओर ऐसे कानून लाये जा रहें हैं जिससे किसानी के अस्तित्व पर ही प्रश्नचिन्ह लग रहा है।

सरकार अपने वादे में मुफ्त बिजली की बात करती है, लेकिन अपने प्रेस नोट में कृषि विद्युत बिल एवं राजस्व वसूली का स्थगन करती है जो कि एक विरोधाभास है। उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के मध्य जोन के चेयरमैन जगदीश सिंह, उपाध्यक्ष गण सुशील तिवारी, महबूब किदवई, जयंत चौधरी आदि ने अपना पक्ष रखा। साथ ही भारत जोडो किसान संकल्प यात्रा के विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उपेन्द्र

RELATED ARTICLES

Most Popular