Monday, March 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअब्बास अंसारी के वायरल वीडियो के मामले में मऊ कोतवाली में मुकदमा...

अब्बास अंसारी के वायरल वीडियो के मामले में मऊ कोतवाली में मुकदमा दर्ज

मऊ (हि.स.) सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रत्याशी व मऊ के सदर विधायक मुख्तार अंसारी के पुत्र अब्बास अंसारी द्वारा कल एक चुनावी जनसभा के दौरान आपत्तिजनक व उत्तेजक भाषण देने के विरुद्ध चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन में थाना कोतवाली मऊ में मुकदमा दर्ज किया गया है।

इस मामले में मऊ के पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार घुले ने बताया कि सदर प्रत्याशी अब्बास अंसारी के वायरल वीडियो में आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। इसके संदर्भ में सदर विधानसभा के रिटर्निंग ऑफिसर को अग्रिम कार्रवाई के लिए रिपोर्ट प्रेषित कर दी गई है।

मुख्तार अंसारी के पुत्र व मऊ सदर से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी व समाजवादी पार्टी गठबंधन दल के प्रत्याशी अब्बास अंसारी ने बृहस्पतिवार की रात नगर के पहाड़पुरा के मैदान में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए बाहुबली शब्द पर बोला कि जिस नेता के साथ लाखों-करोड़ों भुजाओं का बल हो, वह बाहुबली नहीं होगा ,तो कौन होगा। हम हैं हमें इससे कोई गुरेज नहीं है। अगर मेरे लोगों की इज्जत, आन, बान, शान और आबरू पर कोई आंच डालने की कोशिश करेगा तो उस आंच को बुझाना हम जानते हैं। आज तक बुझाई है, आगे भी बुझाएंगे, हमें कोई रोक नहीं सकता इस बात से।

कहा कि जिस दिन लखनऊ से आया था, उस दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिला था और लम्बी बात हुई थी। और यह कहकर आया था कि भैया कुछ दिनों तक ट्रांसफर-पोस्टिंग रोके रखिएगा, पहले जिन्होंने कैरियर बर्बाद किए हैं। जिनके ऊपर मुकदमें लगाए हैं, पहले उनकी तो जांच पड़ताल कर ली जाए। जनता से कहा कि क्योंकि आप सब यहां बहुत परेशान हुए हैं, पैसा लिया गया है छोटी-छोटी बातों के लिए। बुनकरों के ऊपर जुल्म करने के लिए इन्होंने साजिशें रची। पेट पर हमला किया है। फ्लैट रेट की बिजली खत्म करके डायरेक्ट पेट पर हमला किया है। 06 महीने तक किसी की ट्रांसफर पोस्टिंग नहीं होगी भईया। जो यहां है, वह यहां ही रहेगा। उन्होंने अपनी तरफ और विपरीत दिशा में उंगली का इशारा करते हुए कहा कि पहले हिसाब-किताब होगा। उसके बाद उनके जाने के सभी पेपर पर मुहर लगाया जाएगा। अब्बास अंसारी ने कहा कि जो अधिकारी ने फर्जी मुकदमे और फर्जी वसूली किए हैं, उनकी भी जांच की जाएगी।

आनन्द कुमार

RELATED ARTICLES

Most Popular