Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअबकी 400 पार करेगी भाजपा, विपक्षी एकता कामेडी- रघुवर दास

अबकी 400 पार करेगी भाजपा, विपक्षी एकता कामेडी- रघुवर दास

-झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री ने कुशीनगर में महाजनसंपर्क अभियान को दी गति

कुशीनगर (हि. स.)। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के नौ वर्ष पूरे होने व लोकसभा चुनाव के दृष्टिगत झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सोमवार को कुशीनगर में महा जनसम्पर्क अभियान को गति दी।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव में जनता 400 पार कराएगी। आज विपक्ष के बीच एक तरफ गठबंधन हो रहा है तो एक तरफ बिखराव हो रहा है। यह विपक्षी नेता राजनीतिक मंच के कमेडियन हैं। कमेडियन हंसाने का काम करता है। उसी तरह कमेडियन नेता घूम घूमकर कोई एक मंच बना रहा है, तो कोई दूसरा मंच बना रहा है। देश की जनता ऐसे ढोंगी नेताओं से परेशान है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ वर्ष में मोदी सरकार ने सांस्कृतिक विरासत से जुड़े वह सभी प्रयास किए जिसने गुलामी के छाप को मिटाया। हमें आज अपनी विरासत पर गर्व है। नया भारत अब अतीत के गौरव के साथ भविष्य का स्वागत करने को तैयार है।

उन्होंने कहा कि नेहरू के पाप का खामियाजा केवल कश्मीरियों को ही नहीं बल्कि पूरे देश वासियों को आजादी के 70 साल तक भुगतना पड़ा। उन्होंने धारा 370 हटाने और जी-20 की होने वाली बैठक पर चर्चा की। कहा कि भाजपा का शासन सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का काल रहा है। गांव के गरीब किसान और महिलाओं को भी योजनाओं का संपूर्ण लाभ मिल रहा है। मोदी ने जनहित और राष्ट्रहित का कार्य कर आम जनता का विश्वास और स्नेह जीता है। वह संकट के पहले समाधान ढ़ूढ़ लेते हैं। इसका उदाहरण कोविड काल में लाकडाउन और समय से वैक्सीन उपलब्ध कराना उदाहरण है। मोदी के हाथों भारत के जल, थल और नभ तीनों अंग सुरक्षित हैं। भारत का विकास पश्चिमी मानकों से नहीं संस्कृति और सहकार के विचार से सुनिश्चित हो रहा है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, विश्वनाथ कारिडोर, महाकाल लोक कारिडोर, हिमालय पर केदारनाथ का पुनर्विकास, चारों धाम के लिए विश्व स्तरीय सड़कें, बाबा नानक करतारपुर के साहिब कारिडोर ऐसे अनगिनत पहल भारत के सांस्कृतिक वैभव को नया स्वरूप दे रहे हैं।

इस दौरान राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार , प्रभारी मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानन्द राय सहित पार्टी के वरिष्ठ नेतागण मौजूद रहे।

गोपाल

RELATED ARTICLES

Most Popular