वाराणसी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अक्टूबर माह में संभावित वाराणसी दौरे को देख जिला प्रशासन भी सजग है। शहर में चल रहे विकास परियोजनाओं को समय पर पूर्ण कराने के लिए आला अफसरों ने खुद निगरानी शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने गुरूवार को अपने कैम्प कार्यालय पर विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अफसरों के साथ बैठक कर विभिन्न परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यदायी संस्थायें कार्य पूर्ण करने की तय तिथि पर काम पूरा कराये। गुणवत्ता से काम नहीं होने पर ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जायेगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
जिलाधिकारी ने नोडल विभाग के अधिकारी से कहा कि विकास कार्यों का नियमित पर्यवेक्षण करें और कार्य समय पर पूरा करायें। कुछ परियोजनाओं, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के कार्य धीमे होने की वीडियोग्राफी देख नाराज जिलाधिकारी ने कहा कि जिन कार्यदाई संस्थाओं द्वारा निर्धारित समय पर काम पूरा नहीं किया जायेगा। उनके सम्बंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही होगी। ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करते हुए सरकारी धन के दुरुपयोग का चार्ज लगाकर एफआईआर भी दर्ज करायी जायेगी। पिछले दिनों शहर में आये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बावजूद उप निदेशक मण्डी विनोद राय द्वारा कार्य की सुस्त रफ्तार पर जिलाधिकारी ने उन्हें जमकर फटकारा। 128 सड़कों की जांच के दौरान कहीं भी कार्य चलता नहीं पाये जाने पर जिलाधिकारी ने प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने गड्ढा मुक्त सड़क के कार्य में लापरवाही पर इस माह का वेतन भी उनका अदेय कर दिया। बैठक में उन्होंने सेतु निगम द्वारा कालिकाधाम, कोनिया घाट के कार्य 10 दिनों में पूरा कराने का निर्देश दिया। सम्बंधित अधिकारी ने बताया कि इमलिया घाट का पुल नवम्बर 2021 तक पूरा हो जायेगा। बाबतपुर-कपसेठी मार्ग पर आरओबी की धीमी प्रगति पर नार्दर्न रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र लिखने का निर्देश दिया। इसी प्रकार फुलवरिया मार्ग के दोनों आरओबी को समय से पूरा कराये जाने के लिए सम्बंधित अधिकारियों को पत्र लिखने को कहा। कज्जाकपुरा पुल के निर्माण में भूमि अधिग्रहण के अवशेष कार्य को 10 दिनों में पूरा कराने का निर्देश दिया।
आवास विकास की समीक्षा में सम्बंधित अधिकारी ने डीएम को बताया कि सर्किट हाउस पार्किंग का कार्य तीव्र गति से चल रहा है, इसे 15 अक्टूबर तक तैयार कराने का निर्देश दिया गया इसका उद्घाटन 15 अक्टूबर को होना है। इसके अलावा सिंधोरा पुलिस स्टेशन, पिंड्रा में फायर स्टेशन, नुआंव में पॉलिटेक्निक के चल रहे कार्यों को समय से पूरा कराने का निर्देश दिया। यूपीपीसीएल के अधिकारी ने बताया कि सिंथेटिक बास्केटबॉल कोर्ट का कार्य 10 अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा। एथलेटिक्स ट्रैक के कार्य को 30 अक्टूबर तक पूरा कराने का निर्देश दिया। पैक्सफेड के द्वारा कराये जा रहे संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, राजघाट में पर्यटन विभाग का कार्य, शूलटंकेश्वर में सीढ़ियों पर पत्थर लगाने का कार्य, तहसील गोवर्धन में कराए जा रहे कार्यों में लापरवाही करने पर उन्होंने संबंधित अधिकारी को फटकार लगाई।
