Monday, March 30, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयअफगानिस्तान में दुर्घटनाग्रस्त रूसी विमान में पायलट सहित चार यात्री जीवित

अफगानिस्तान में दुर्घटनाग्रस्त रूसी विमान में पायलट सहित चार यात्री जीवित

इस्लामाबाद (हि.स.)। अफगानिस्तान के दूरदराज के एक ग्रामीण इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुए रूस के एक निजी विमान में पायलट और तीन यात्री जीवित पाए गए हैं। तालिबान ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि विमान में कुल छह लोग सवार थे। दुर्घटना बदख्शां प्रांत के एक पर्वतीय इलाके में शनिवार को हुई थी।

तालिबान के क्षेत्रीय प्रवक्ता जबीउल्ला अमीरी ने बताया कि दुर्घटना शनिवार को बदख्शां प्रांत के जेबक जिले के पास एक पर्वतीय इलाके में हुआ था। एक बचाव दल दुर्घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। जेबक अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से करीब 250 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है। यह एक ग्रामीण और पर्वतीय इलाका है।

तालिबान के परिवहन और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक ऑनलाइन बयान जारी कर कहा कि विमान प्रांत के कुफ आब जिले में अरुज़ कोह पर्वत के पास पाया गया। बयान में कहा गया, पायलट को अफगानिस्तान के इस्लामी अमीरात की खोजी टीम ने ढूंढ़ लिया। पायलट के मुताबिक, वह और तीन अन्य लोग जीवित हैं। शेष लोगों की तलाश की जा रही है।

मास्को में, रूसी नागरिक उड्डयन अधिकारियों ने कहा कि एक दसॉल्ट फाल्कन 10 लापता हो गया। अधिकारियों ने बताया कि विमान में चालक दल के चार सदस्य और दो यात्री सवार थे। उन्होंने बताया कि रूस के पंजीकरण वाले विमान से संपर्क टूट गया और यह रडार के स्क्रीन से ओझल हो गया। रूसी अधिकारियों ने कहा कि विमान एथलेटिक ग्रुप एलएलसी और एक निजी व्यक्ति से संबद्ध था।

मोरक्को में पंजीकृत दसाल्ट फाल्कन (डीएफ-10) विमान एक एयर एंबुलेंस के रूप में परिचालित किया जा रहा था। यह थाईलैंड के उतापाओ हवाई अड्डे से मास्को जा रहा था। वहीं तालिबान के सूचना एवं संस्कृति मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल वाहिद रेयान की ओर से जारी एक बयान के अनुसार विमान मोरक्को की एक कंपनी का था। रेयान ने कहा कि दुर्घटना विमान का इंजन बंद हो जाने की वजह से हुई।

अजीत तिवारी/प्रभात

RELATED ARTICLES

Most Popular