-आग पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों का पानी लगा
मुरादाबाद (हि.स.)। मंडी में आढ़त चलाने वाले व थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित आकाश मेघदूतम अपार्टमेंट निवासी आशीष गुप्ता के घर पर सोमवार की सुबह आग लग गई। इसमें लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आढ़त स्वामी दो दिन पूर्व भी इस नए मकान में शिफ्ट हुए थे। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। आग इतनी भयंकर थी जिस पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां उपयोग में आई।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र के रामगंगा विहार फेस सेकेंड स्थित आकाश मेघदूतम अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 610 में रहने वाले आशीष गुप्ता की मंडी समिति में आढ़त हैं। उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे भी उनके साथ रहते हैं। सोमवार सुबह आशीष गुप्ता मझोला क्षेत्र के लाइनपार स्थित मंडी समिति में आढ़त पर चले गए। परिवार के अन्य सदस्य घर में सो रहे थे, तभी अचानक फ्लैट के दूसरे कमरे में किन्ही कारणों से आग लग गई और धीरे-धीरे आग ने पूरा घर को अपनी चपेट में ले लिया।
अपार्टमेंट के सिक्योरिटी गार्डों ने जब फ्लैट संख्या 610 में से धुआं निकलता हुआ देखा तो उन्होंने तुरंत फ्लैट में फोन किया। पूरे अपार्टमेंट में अफरातफरी मच गई। सिक्योरिटी गार्ड ने तुरंत मकान स्वामी और फायर ब्रिगेड पर फोन करके आग लगने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां और आशीष गुप्ता पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया।
आशीष गुप्ता ने बताया कि वह अभी दो दिन पूर्व भी मंडी चौक से आकाश में मेघदूतम में शिफ्ट हुए हैं। घर में फर्नीचर का सारा सामान नया था जो आग में जलकर राख हो गया। माना जा रहा है इस अग्निकांड में उनका सात -आठ लाख से ऊपर का नुकसान हुआ है। मौके पर पहुंचे मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि शायद घर में कोई शॉर्ट सर्किट हुआ होगा, जिससे निकली चिंगारी ने पूरे घर में आग पकड़ ली।
निमित
