कानपुर (हि.स.)। आर्यनगर की विधानसभा सीट से सपा विधायक अमिताभ वाजपेयी ने शनिवार को कहा कि विशेष लोगों को सुविधा देने के लिए अपार्टमेंट में नए बूथ बनाए जा रहे हैं तो उनकी मांग है कि मलिन बस्तियों में भी बूथ बनाया जाए।
इस सिलसिले में सपा विधायक ने जिलाधिकारी को आपत्ति पत्र सौंपते हुए यह मांग की है कि लोकसभा एवं विधानसभा की कुछ बूथ अपार्टमेंट्स परिसर के अंदर न बनाए जाए। ऐसे स्थान पर बूथ बनाए जाएं जहां सभी वर्ग के लोग स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान कर सकें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी वर्ग के मतदाता एक समान हैं। इस प्रकार अपार्टमेंट के अन्दर बूथ बनवाने से यह परिलक्षित होता है कि अपार्टमेंट के मतदाता जो कुलीन वर्ग हैं, उनको विशेष सुविधा प्रदान की जा रही है और यह अत्यंत आपत्तिजनक है।
यदि अपार्टमेंट के अन्दर बूथ बनाया जाए तो मलिन बस्तियों के अन्दर भी बूथ बनवाया जाए ताकि सभी वर्ग के मतदाताओं के साथ समान व्यवहार हो सके। वैसे भी मलिन बस्तियों के मतदाता अपार्टमेंट के अंदर जाकर मतदान नहीं कर पायेंगे। इससे बूथ कैप्चरिंग की भी संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता है।
सपा विधायक ने कहा कि लोकतंत्र को वर्गों में बांटने की साजिश किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। लोकतंत्र में मतदान का अधिकार एवं सुविधा किसी भी वर्ग विशेष के लिए अलग से नहीं बनाई जा सकती। हम इस प्रकार से अपार्टमेंट के अंदर बूथ बनने पर आपत्ति करते हैं। साथ ही आशा करते हैं कि कम दूरी पर सुविधाजनक स्थलों पर बूथ बनाए जाएं। मतदान स्थल बनाते समय सभी वर्गों का ध्यान रखा जाए।
राम बहादुर/दीपक/सियाराम
