-एक्सप्रेस वे बनते ही चित्रकूट से दिल्ली का 6 घंटे में होगा सफर
-विरमा नदी पर 18 माह में ही योगी सरकार में बन चुका है पुल
हमीरपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने रविवार को यहां बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के कार्यों को लेकर समीक्षा करते हुए कहा कि दिसम्बर तक बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के कार्य पूरे कराए जाएंगे। इसके बनते ही चित्रकूट से दिल्ली तक का सफर 6 घंटे में होगा। उन्होंने कहा कि हमीरपुर में विरमा नदी पर पुल महज 18 महीने में बनाया गया है जबकि पुल बनने में चार से पांच साल तक का समय लगता है।
हमीरपुर जिले के विरमा नदी के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे स्थल पर अपर मुख्य सचिव गृह ने समीक्षा बैठक यूपीडा के अधिकारियों तथा कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के सड़क मार्ग की स्थिति, फ्लाईओवर ब्रिज, पुल पुलिया निर्माण, एमसीडब्ल्यू, एसआर, आर ओ बी, रैंप लूप्स, पी यू पी, विद्युत व्यवस्था, भूमि संबंधी प्रकरण तथा किसानों के भुगतान, रेलवे ओवर ब्रिज, नदियों के पुल निर्माण, वित्तीय स्थिति, प्लांटेशन आदि की समीक्षा की। जिसमें कार्यदाई संस्था के अधिकारियों ने प्रोजेक्टर के माध्यम से बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के निर्माण कार्यों की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी ।
अपर मुख्य सचिव गृह ने कार्यदाई संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फ्लाईओवर में स्लेप तथा आर ओ बी के कार्याें को तेजी से कराया जाए। उन्होंने आर ओ बी के लिए बेयरिंग की व्यवस्था को कराने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने राइट्स संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता समय-समय पर चेक करते रहे, गुणवत्ता में किसी भी तरह की कमी नहीं होना चाहिए। यह आप लोग सुनिश्चित कर लें। कार्यों को तेजी से कराएं।
कहा कि माह दिसंबर तक प्रत्येक दशा में एक तरफ से बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे को चालू करा दिया जाएगा। सड़क की फिलिंग कराने में मिट्टी की कोई समस्या तथा निर्माण कार्यों पर कोई व्यवधान आ रहा हो तो जिलाधिकारी से संपर्क करके निस्तारण कराएं। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे तथा डिफरेंस कॉरिडोर मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल है । यह बुंदेलखंड में विकास की रीढ़ होगा तथा यहां के लोगों के लिए वरदान साबित होगा।
बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य को तेजी से कराया जाए। निर्माण कार्य कराते समय जो डिजाइन में कार्य लिए गए हैं। उसी के अनुसार कार्यों को कराएं। गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होना चाहिए। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे रिकॉर्ड न्यूनतम समय में बनकर तैयार हो जाएगा । इसके लिए इसी गति के साथ कार्य को जारी रखा जाए ।
जिलाधिकारी से कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के कार्यों की समीक्षा समय समय पर अपने स्तर से अवश्य करें । कोई असुविधा हो तो अवगत कराएं ताकि शासन स्तर से निराकरण कराया जा सके। इसके बाद अपर मुख्य सचिव गृह ने बिरमा नदी में निर्माणाधीन पुल, सड़क आदि का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी डॉ. चंद्र भूषण ने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के निर्माण कार्य पूर्ण कराए जाने के लिए जो समय सीमा कार्यदायी संस्थाओं को दी गई है उसका पालन कराया जाएगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार दीक्षित, संबंधित एसडीएम ,सीओ ,यूपीडा एवं संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारी मौजूद रहे।
