– पहले दिन कल्पवासियों ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी
फर्रुखाबाद (हि.स.)। पांडवो की पूजा स्थली रहे पांचाल घाट पर लगे मेला राम नगरीय में पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर हजारों गंगा भक्तों ने आस्था की डुबकी लगाई। सूर्य देव को प्रणाम कर अर्द्ध दिया। श्रद्धालुओं ने ब्राह्मण व गरीब निराश्रितों को तिल, गुड़, कंबल व ऊनी वस्त्र दान किए। यहां पड़ रही हाड़ कपाऊ सर्दी के ऊपर आस्था भारी नजर आई।
बताते चलें कि गंगा किनारे कल्पवास कर रहे श्रद्धालुओं ने आज शुरू हुए अर्द्ध कुंभ में पहले दिन तड़के से ही गंगा स्नान कर पूजा अर्चना शुरु कर दी। अपरा काशी कहे जाने वाले फर्रुखाबाद में गंगा तट पांचाल घाट पर अर्द्ध कुम्भ की तरह एक माह तक सन्त महात्मा आकर कल्पवास करते हैं। पौष पूर्णिमा को प्रात: काल चार बजे ब्रह्म मुहूर्त में ही श्रद्धालुओं ने मोक्ष दायिनी में आस्था की डुबकी लगानी प्रारंभ कर दी थी। कच्चे घाटों पर भी पहुंचकर स्थानीय श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया। नाग सन्त सतीश दास ने बताया कि पौष पूर्णिमा से माघ स्नान पर्व भी प्रारंभ हो गया है। जो एक माह तक चलेगा।
इस माह में सूर्योदय से पूर्व गंगा में डुबकी लगाकर गरीब-निराश्रितों को भोजन-वस्त्र, लकड़ी, तिल का दान तथा ब्राह्मणों को दक्षिणा देने का कार्य यहां निरन्तर चलता है। समझा जाता है कि इस कुम्भ में कल्पवास करने वाले मनोवांछित फल और स्वर्ग के भागीदार बनते हैं। महात्मा सतीश दास ने बताया कि माघ माह में कल्पवास, गंगा में डुबकी और गरीब-निराश्रितों को दान करने का विशेष धार्मिक महत्व है। इस माह में भगवान वासुदेव और विष्णु की पूजा अर्चना करना भी बेहद शुभ माना जाता है।
वहीं, मेला प्रबन्धक संजीव दीक्षित ने बताया कि इस सरकारी कुम्भ मेले का शुभारंभ हो गया है। इसकी औपचारिकता जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह आज शाम 5:30 बजे करेंगे। इस साल खास बात यह है कि इस मेले की शुरुआत करने वाले पूर्व विधायक महरम सिंह हमारे बीच नहीं हैं। उनके नाम से द्वार बनवाया गया है। इसी द्वार पर जिलाधिकारी हवन पूजन कर मेले की शुरुआत करेंगे।
Submitted By: Edited By: Mohit Verma
अपरा काशी फर्रुखाबाद में अर्द्ध कुंभ मेला, हजारों ने किया गंगा स्नान
RELATED ARTICLES
