Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअपराधी चाहे पाताल में छुप जायें, उन्हें पकड़कर कठोर कार्रवाई होगी

अपराधी चाहे पाताल में छुप जायें, उन्हें पकड़कर कठोर कार्रवाई होगी

लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिवक्ता उमेश पाल उर्फ कृष्ण कुमार हत्याकांड में पहली गोली चलाने वाला शूटर विजय चौधरी उर्फ उस्मान पुलिस के साथ मुठभेड़ में सोमवार सुबह लगभग पांच बजे मार दिया गया। शूटर विजय के एनकाउंटर के बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दी है।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर कहा कि प्रयागराज के उमेश पाल और सुरक्षा में लगे जवानों के हत्यारों को पकड़ने के लिए पुलिस के चल रहे अभियान में आज बड़ी कामयाबी हासिल करने वाली टीम को बधाई। घटना से जुड़े एक-एक अपराधी चाहे पाताल में छुप जायें, उन्हें पकड़कर कठोर कानूनी कार्रवाई होगी।

एक-एक अपराधी को सजा मिलेगी : ब्रजेश पाठक

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि पुलिस एसटीएफ लगातार लगी हुई है, कल की घटना जो हुई है उसमें पुलिस पर हमला किया गया, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसे मार गिराया। एक-एक अपराधी को सजा मिलेगी यही हमारी प्रतिबद्धता है।

प्रयागराज पश्चिमी विधानसभा से बहुजन समाज पार्टी के विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह अधिवक्ता उमेश पाल उर्फ कृष्ण कुमार पर बीते माह 24 फरवरी को पहली गोली चलाने वाले विजय चौधरी उर्फ उस्मान को पुलिस ने सोमवार सुबह लगभग पांच बजे कौंधियारा थाना क्षेत्र में मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ के बाद प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री द्वारा प्रतिक्रियाएं दी गई हैं। जिसमें उन्होंने अपराधियों को कड़ा संदेश दिया है।

इस मामले में अब पुलिस माफिया अतीक अहमद गिरोह के दो गुर्गें को ढेर कर चुकी है। जबकि अभी कई अपराधियों की तलाश जारी है। इस घटना में उमेश पाल की पत्नी जया पाल ने धूमनगंज थाने में पूर्व सांसद अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, अतीक के दोनों बेटों, अतीक के साथी गुड्डू मुस्लिम और गुलाम और नौ अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

मोहित वर्मा

RELATED ARTICLES

Most Popular