Sunday, April 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअपराधियों पर ऐसी कार्रवाई होगी कि सात पुश्तें याद रखेंगी :आदित्यनाथ

अपराधियों पर ऐसी कार्रवाई होगी कि सात पुश्तें याद रखेंगी :आदित्यनाथ

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नागरिक उड्डयन एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री और प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर नव वर्ष की बधाई दी। मंत्री नन्दी ने प्रयाराज में दो व्यापारियों समेत चार लोगों पर हुई फायरिंग के बाद विशाल गुप्ता उर्फ राजन की मौत की घटना पर मुख्यमंत्री से वार्ता की।

मंत्री नन्दी ने घटना की वस्तुस्थिति एवं सभी तथ्यों से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए आरोपी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की। जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल सम्बंधित अधिकारियों से इस मामले में रिपोर्ट मांगते हुए कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी कि उनकी सात पुश्तें याद रखेंगी। व्यापारियों का उत्पीड़न करने वाले किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा, चाहे वह गुंडा-माफिया हो या फिर कोई सरकारी कर्मचारी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधी से अपराधी की तरह ही निबटा जाएगा और सख्त से सख्त कार्रवाई होगी। व्यापारियों पर फायरिंग और हत्या के मामले में जो भी दोषी हैं, उनके घरों पर बुल्डोजर चलाने के साथ ही गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रयागराज के कीडगंज में हुई घटना में कार्रवाई को लेकर लगातार उनकी नजर बनी हुई है। एसएसपी प्रयागराज के साथ ही अन्य अधिकारियों से पूरे मामले और कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी जा रही है।

बृजनन्दन/ पवन

RELATED ARTICLES

Most Popular