– यात्रा को अनुमति नहीं मिली,1200 किलोमीटर ट्रैक्टर यात्रा निकालने की तैयारी में जुटी थी पार्टी
वाराणस (हि.स.)। अपना दल (कृष्णा पटेल) की ट्रैक्टर से निकलने वाली अधिकार यात्रा के मद्देनजर शुक्रवार को जिला प्रशासन सतर्क दिखा। कार्यक्रम को जिला प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने पर पार्टी के नेता यात्रा न निकाल पायें, इस के लिए उनके घर के बाहर पुलिस बल ने डेरा डाल दिया।
लहरतारा बौलिया स्थित मानिक नगर कॉलोनी में पार्टी अध्यक्ष कृष्णा पटेल और उनकी पुत्री पल्लवी पटेल के आवास पर फोर्स की तैनाती कर दी गई। इसके पहले गुरुवार रात में भी पुलिस बल ने पार्टी के पदाधिकारियों के घर दबिश दी थी। जिला प्रशासन के सख्त तेवर से क्षुब्ध पार्टी के नेता सोशल मीडिया के जरिये नाराजगी जताते रहे।
ज्ञातव्य है कि अपना दल ने 22 अक्टूबर शुक्रवार को पूर्वाहन 11 बजे से सामाजिक न्याय, रोजगार एवं किसानों के अधिकारों के सवाल पर सारनाथ स्थित महाबोधि इंटर कॉलेज के पास से एक ट्रैक्टर यात्रा प्रदेश भर के विभिन्न जनपदों से निकालने का ऐलान किया था। इसका नेतृत्व करते हुए अपना दल की राष्ट्रीय नेता पल्लवी पटेल के स्वयं लगभग 1200 किलोमीटर ट्रैक्टर चलाने का कार्यक्रम था। प्रदेश के विभिन्न जनपदों के गांव-गांव तक अधिकार यात्रा का संदेश पहुंचाने की योजना थी। पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार सारनाथ वाराणसी से शुरू होकर यह यात्रा 23 को जौनपुर, 24 को प्रतापगढ़, 25 को प्रयागराज गंगा पार, 26 को कौशांबी, 27 को फतेहपुर, 28 को बांदा, 29 को प्रयागराज यमुना पार होते हुए 30 को मिर्जापुर से वाराणसी में आकर समाप्त होती। पार्टी के प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव ने बताया कि सामाजिक न्याय, रोजगार एवं किसानों के अधिकारों के सवाल पर विगत दिनों अपना दल की नेता पल्लवी पटेल ने प्रदेश भर के लगभग 20 जनपदों से 2200 किलोमीटर की पैदल यात्रा की थी। इस बार वाराणसी में जिला प्रशासन ने यात्रा को अनुमति नहीं दी। माना जा रहा है कि आगामी त्योहारों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जनसभा को देख सुरक्षा कारणों से जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी है।
