Saturday, February 21, 2026
Homeराष्ट्रीयअपना ट्विटर अकाउंट खुद चलाएं कंगना, नहीं होगा विवाद : संजय राऊत

अपना ट्विटर अकाउंट खुद चलाएं कंगना, नहीं होगा विवाद : संजय राऊत

मुंबई। शिवसेना प्रवक्ता संजय राऊत ने अभिनेत्री कंगना रनौत पर तंज कसते हुए कहा कि उनको अपना ट्विटर अकाउंट खुद चलाना चाहिए। कंगना ने अपना ट्विटर अकाउंट किसी राजनीतिक दल को चलाने के लिए दिया है, इसी वजह से यह विवाद बढ़ा है। वहीं, कंगना के ट्विट को लेकर शिवसेना की महिला इकाई का विरोध शनिवार को भी जारी रहा। महाराष्ट्र के कई शहरों में कंगना के विरोध में प्रदर्शन किया गया।
राऊत ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि कंगना को हमारी भूमिका समझ में नहीं आई है। शायद उन्हें मराठी भाषा समझ में नहीं आती। अगर उन्हें हमारी भूमिका समझ में आती तो वह इस तरह की भाषा का प्रयोग नहीं करतीं। कंगना से हमारी कोई दुश्मनी नहीं है। हमारी भूमिका का पूरे महाराष्ट्र ने समर्थन किया है। 
शिवसेना की महिला इकाई ने बीड़, परभणी और पंढरपुर में कंगना के विरोध में आंदोलन किया। शिवसेना की महिला इकाई की नेता सखुबाई लटपटे ने कहा कि 9 सितंबर को कंगना को मुंबई एयरपोर्ट से बाहर नहीं निकलने दिया जाएगा। 
उल्लेखनीय है कि कंगना ने ट्विटर पर मुंबई और मुंबई पुलिस के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद से ही शिवसेना की ओर से कंगना का विरोध किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular