Wednesday, April 1, 2026
Homeउत्तर प्रदेशअनुशासनहीनता के चलते पदक की सूची से निकाले गए एचबीटीयू के 37...

अनुशासनहीनता के चलते पदक की सूची से निकाले गए एचबीटीयू के 37 छात्र

– 48 पदक दिए जाने थे, लेकिन अब सिर्फ 10 पदक मिलेंगे

कानपुर(हि.स.)। अनुशासन की सीख देने के लिए हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय (एचबीटीयू) ने 37 छात्रों को पदक की सूची से बाहर कर दिया है। विश्वविद्यालय के चौथा दीक्षांत समारोह 24 नवम्बर को होगा, जिसमें राज्यपाल मंच से मात्र आठ छात्र-छात्राओं को ही 10 पदक देकर सम्मानित करेंगी। विश्वविद्यालय ने जिन छात्रों को पदक की सूची से बाहर किया है उनके ऊपर अनुशासनहीनता का आरोप है।

एचबीटीयू के कुलपति प्रो. शमशेर ने बताया कि परीक्षा में अच्छे परिणाम आने के बावजूद 37 मेधावियों को दीक्षांत में कुलपति स्वर्ण पदक, रजत पदक एवं कांस्य पदक अनुशासनहीनता की वजह से न देने का निर्णय लिया गया है। हालांकि विवि इन्हें प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने का प्रमाण पत्र अवश्य देगा। इस बार कुलाधिपति स्वर्ण पदक, रजत पदक के साथ कुलपति स्वर्ण पदक व रजत पदक पेंट टेक्नोलॉजी को मिलेगा।

दीक्षांत समारोह में दिये जाने थे 48 पदक

विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में कुल 48 पदक दिए जाने थे, लेकिन अनुशासन की सीख देने के लिए 37 छात्रों को अनुशासनहीनता को लेकर हुई कार्रवाई के बाद मात्र 10 पदक ही दिए जाएंगे। यह जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कुलपति ने दी। उनके साथ रजिस्ट्रार प्रो. नीरज कुमार सिंह, प्रो. नरेंद्र कोहली समेत अन्य मौजूद रहें।

उन्होंने आगे बताया कि दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल एवं प्रमुख सचिव प्राविधिक शिक्षा सुभाष चंद्र शर्मा तथा मुख्य अतिथि बैंक ऑफ बड़ौदा के पूर्व सीएमडी डॉ.अनिल कुमार खंडेलवाल शामिल होंगे।

पदक पाने वाले मेधावियों के नाम

उन्होंने बताया कि देव तिवारी (पेंट टेक्नोलॉजी) कुलाधिपति व कुलपति स्वर्ण पदक, उत्कर्ष त्रिपाठी (पेंट टेक्नोलॉजी) कुलाधिपति व कुलपति रजत पदक, वर्तिका जायसवाल (एमसीए-2वर्ष) कुलपति स्वर्ण पदक, नंदिता सक्सेना (एमसीए-3वर्ष) कुलपति स्वर्ण पदक, नवजोत कुमार (एमसीए-2वर्ष) कुलपति रजत पदक, काजुल शर्मा (एमसीए-3वर्ष) कुलपति रजत पदक, आयुषी वर्मा (एमसीए-2वर्ष) कुलपति कांस्य पदक, गीतांजलि सैनी (एमसीए-3वर्ष ) कुलपति कांस्य पदक के साथ ही बीटेक 469, एमसीए (दो वर्ष) 76, एमसीए (तीन वर्ष) 71, एमटेक (फुल व पार्ट टाइम) 30, पीएचडी 06 को डिग्री दी जाएगी।

राम बहादुर

RELATED ARTICLES

Most Popular